दिल्ली की शाहदरा पुलिस के शिकंजे में आया इंटरस्टेट गैंग का सदस्य, 4 कार बरामद
नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा में चार पहिया वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम कसते हुए एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (एएटीएस) शाहदरा ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एएटीएस टीम ने अंतरराज्यीय ऑटो लिफ्टर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 50 वर्षीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से दिल्ली-एनसीआर से चोरी की गई चार कारें बरामद की गई हैं। डीसीपी शाहदरा प्रशांत गौतम ने बताया, हाल के दिनों में शाहदरा जिले में कार चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. इसे गंभीरता से लेते हुए एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड शाहदरा को घटनास्थलों का निरीक्षण करने और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के निर्देश दिए गए। इसके बाद एसआई विक्रांत चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जो एसीपी ऑपरेशंस शाहदरा मोहित सिंह की निगरानी में काम कर रही थी। टीम ने सादी वर्दी में क्षेत्र में तैनात होकर स्थानीय व गुप्त सूचनाएं एकत्र की।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक शातिर वाहन चोर चोरी की सफेद रंग की शेवरले बीट कार से ताहिरपुर चौक होते हुए दिलशाद गार्डन की ओर आएगा. सूचना के आधार पर आईएचबीएएस अस्पताल के पास जाल बिछाया गया और संदिग्ध को दबोच लिया गया। आरोपी की पहचान कामरयाब (50 वर्ष), निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। उसके पास से बरामद शेवरले बीट कार गाजियाबाद के लिंक रोड थाने में दर्ज चोरी के मामले से संबंधित पाई गई। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर तीन और चोरी की कारें दो मारुति ब्रेजा और एक मारुति बलेनो बरामद की गईं। ये सभी वाहन दिल्ली के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की गाड़ियों की नंबर प्लेट बदलता था और उन्हें उत्तर प्रदेश व राजस्थान के विभिन्न जिलों में बेच देता था। डीसीपी के अनुसार, कामरयाब पहले भी चोरी और अन्य संगीन मामलों में आठ बार संलिप्त रह चुका है। आरोपी ने अपने साथियों माजिद और ताजू के बारे में जानकारी दी है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से वाहन चोरी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags
दिल्ली