गाजियाबाद हिंडन एयरपोर्ट से प्रयागराज के लिए सीधी उड़ान की तैयारी

अभी लखनऊ-प्रयागराज के लिए दिल्ली एयरपोर्ट से मिलती है फ्लाइट 


गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित हिंडन सिविल टर्मिनल से लगातार उड़ानों के विस्तार का सिलसिला जारी है. नए साल पर लखनऊ और प्रयागराज के लिए सीधी उड़ानें शुरू हो सकती हैं. फिलहाल हिंडन सिविल टर्मिनल से मुंबई, गोवा, पटना, बेंगलुरु और कोलकाता समेत कुल 24 शहरों के लिए उड़ानों का संचालन हो रहा है. एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि मौखिक रूप से उड़ानों को शुरू करने के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई है लेकिन अभी औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है.
प्रयागराज और लखनऊ के लिए हिंडन से डायरेक्ट फ्लाइट, जल्द औपचारिक घोषणा की उम्मीद: प्रयागराज और लखनऊ के लिए हिंडन सिविल टर्मिनल से उड़ानें शुरू करने के लिए लंबे समय से मांग हो रही है. मौजूदा समय में प्रयागराज और लखनऊ की फ्लाइट लेने के लिए लोगों को दिल्ली एयरपोर्ट का रुख करना पड़ता है. बड़ी संख्या में लोग गाजियाबाद से सरकारी कार्यों के लिए लखनऊ और हाई कोर्ट से संबंधित कार्यों के लिए प्रयागराज जाते हैं. माना जा रहा है कि हफ्ते भर में उड़ाने शुरू करने को लेकर औपचारिक घोषणा हो सकती है.
हिंडन सिविल टर्मिनल एयरपोर्ट डायरेक्टर डॉ चिलका महेश कहते हैं , "दिल्ली एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को हिंडन सिविल टर्मिनल से लगातार लाभ पहुंच रहा है. उड़ानों का विस्तार करने के लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं. नए शहरों के लिए उड़ानें शुरू करने की कोशिश की जा रही है. हिंडन सिविल टर्मिनल पर नई उड़ान शुरू करने के लिए तमाम मूलभूत सुविधाएं और एयरक्राफ्ट पार्किंग आदि उपलब्ध है. नई उड़ानों के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा तमाम तैयारी पूर्ण है. 80 सीटर और 180 सीटर विमान के लिए पार्किंग उपलब्ध है."
मिली जानकारी के मुताबिक, मौजूदा समय में हिंडन सिविल टर्मिनल से इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, स्टार एयर और फ्लाई बिग द्वारा उड़ानों का संचालन किया जा रहा है. हिंडन एयरपोर्ट पर उड़ानों का विस्तार होने के बाद यात्रियों की संख्या में भी इजाफा हुआ है. बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट में मूलभूत सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है. 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने