ग्रेटर नोएडा वेस्ट। इको विलेज-1 सोसाइटी में वाईजी फैसिलिटी मैनेजमेंट द्वारा बढ़ाए गए मेंटेनेंस शुल्क (CAM) के विरोध में निवासियों का शांतिपूर्ण आंदोलन लगातार छठे सप्ताह भी जारी रहा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने शुल्क वृद्धि को एकतरफा और अपारदर्शी बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।
निवासियों के अनुसार, 1 जून 2026 से मेंटेनेंस शुल्क 2.36 रूपए प्रति वर्ग फुट से बढ़ाकर 3.25 रूपए प्रति वर्ग फुट कर दिया गया। उनका आरोप है कि शुल्क बढ़ाने से पहले न तो विस्तृत वित्तीय लेखा-जोखा साझा किया गया और न ही इस संबंध में निवासियों की सहमति ली गई। उनका कहना है कि जब सोसाइटी की कई मूलभूत सुविधाएं अभी भी अपेक्षित स्तर पर उपलब्ध नहीं हैं, तब इस प्रकार की शुल्क वृद्धि पूरी तरह अनुचित है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि फैसिलिटी मैनेजमेंट को बिजली समेत अन्य स्रोतों से भी आय प्राप्त होती है, लेकिन इन आय स्रोतों और उनके उपयोग का पारदर्शी विवरण आज तक निवासियों के सामने प्रस्तुत नहीं किया गया। उनका आरोप है कि वित्तीय पारदर्शिता के अभाव में मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाना उचित नहीं माना जा सकता।
निवासियों ने दावा किया कि उनकी शिकायत पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित एपेक्स कमिटी ने भी बढ़े हुए CAM शुल्क पर आपत्ति जताते हुए इसे तत्काल रोकने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद बढ़ी हुई दर से शुल्क की वसूली जारी रहने से लोगों में असंतोष लगातार बढ़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे निवासियों ने कहा कि वे फिलहाल एपेक्स कमिटी की आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने प्रबंधन से शुल्क वृद्धि पर पुनर्विचार करने, आय-व्यय का पूरा विवरण सार्वजनिक करने और निवासियों के साथ संवाद स्थापित कर विवाद का समाधान निकालने की मांग की।
Tags
नोएडा