स्थानीय लोगों ने पुल निर्माण जल्द पूरा कराने और ट्रांसफॉर्मर को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की उठाई मांग
गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन एरिया में गणेशपुरी को शहीद नगर से जोड़ने वाला मार्ग पिछले कई महीनों से बंद पड़ा है। मार्ग पर लगभग 20 फीट चौड़ा नाला खुला होने के कारण स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है।स्थानीय नागरिकों के अनुसार, नाले के किनारे बिजली का ट्रांसफॉर्मर कई महीनों से जमीन पर रखा हुआ है। अब तक उसे सुरक्षित ऊंचाई पर स्थापित नहीं किया गया है और न ही उसके चारों ओर कोई सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बरसात के मौसम में जलभराव होने की स्थिति में यह ट्रांसफॉर्मर किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार मेयर, विधायक, पार्षद, संबंधित विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) और ठेकेदार से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नाले पर पुलिया निर्माण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए और ट्रांसफॉर्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थापित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
समाजवादी छात्र सभा के गाजियाबाद जिला अध्यक्ष एवं अधिवक्ता अंशु ठाकुर ने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया और भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और अधिकारियों की होगी।
Tags
गाजियाबाद

