दरोगा को हनी ट्रैप में फंसाकर बड़ी रकम की डिमांड करने वाली शातिर महिला गिरफ्तार

दरोगा की पत्नी की शिकायत पर शालीमार गार्डन थाना पुलिस शातिर महिला को सलाखों के पीछे भेजा, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

गाजियाबाद। थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र में पुलिस ने एक शातिर महिला को गिरफ्तार किया है, जिस पर हनीट्रिप के जरिए लोगों को फंसाकर उनसे करोड़ों रुपए की मांग करने का आरोप है। महिला शिकार को पहले अपने जाल में फंसाती और फिर शारीरिक संबंध बनाकर उनसे भारी रकम की मांग करती थी। उसने एक दरोगा को भी हनीट्रिप का शिकार बनाया। उपनिरीक्षक जयसिंह निगम को हनी ट्रैप में फंसाकर लाखों की अवैध वसूली और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने वाली इस महिला को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़ित दरोगा की पत्नी समीक्षा ने थाने में शिकायत देते हुए बताया कि शालीमार गार्डन निवासी रेखा त्यागी ने अपने साथियों के साथ मिलकर जून 2024 में उनके पति को हनी ट्रैप में फंसाया। इस दौरान उनसे करीब तीन लाख रुपये नकद और 20 हजार रुपये आॅनलाइन ट्रांसफर कराए गए। बाद में कचहरी परिसर में दस लाख रुपये की मांग की गई, जिसमें गिरोह के अन्य सदस्यों के बीच रकम बांटने की बात रिकॉर्डिंग में सामने आई है।
आरोप है कि पैसे न देने पर पूरे परिवार को बर्बाद करने, झूठे मुकदमों में फंसाने और नौकरी से निकलवाने की धमकियां दी गईं। पीड़िता का कहना है कि रेखा त्यागी को पहले से पता था कि उनके पति शादीशुदा हैं और तीन बच्चे हैं, इसके बावजूद जबरन शादी के कागजात पर हस्ताक्षर कराए गए। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि रेखा त्यागी के खिलाफ पहले से कई थानों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और वह लोगों से समझौते के नाम पर पैसे ऐंठने का काम करती है।
पुलिस ने पुलिस को इस संबंध में पूरी जानकारी भी दी है। पीड़िता का कहना है कि उन्हें और उनके बच्चों को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने मांग की है कि उनके पति पर दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच हो और रेखा त्यागी और उसके गिरोह के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। थाना शालीमार गार्डन के एसएचओ बृजेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है जिसका मेडिकल कराकर जेल भेज दिया है। बाकी नामजद आरोपियों आकाश त्यागी, प्रदीप त्यागी व अंशुल की तलाश जारी है। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने