गाजियाबाद के वेव सिटी में नौ माह के मासूम की हत्या के आरोप में पिता गिरफ्तार

खुलासा: पत्नी के चरित्र पर शक के चलते मासूम गला का दबाकर ली थी जान

गाजियाबाद।
वेव सिटी थाना क्षेत्र में नौ माह के मासूम बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर शक और बच्चे के पितृत्व को लेकर संदेह के चलते वारदात को अंजाम दिया था। हत्या के बाद उसने घटना को छिपाने का प्रयास भी किया और परिजनों के साथ मिलकर बच्चे के शव का अंतिम संस्कार करा दिया था। हालांकि, मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद हत्या का मामला सामने आया।
पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 को बच्चे की मां ने वेव सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने अपने पति अभिषेक पर नौ माह के बेटे माधव उर्फ मैक्स की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया। इसके बाद 12 नवंबर को वेव सिटी पुलिस ने चेकिंग के दौरान मैनुअल इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अभिषेक (26) पुत्र देवेंद्र निवासी ग्राम बयाना, थाना वेव सिटी, गाजियाबाद को बयाना से डासना जाने वाले रास्ते पर श्मशान घाट टी-पॉइंट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
बच्चे के रोने पर आया गुस्सा, गला दबाकर की हत्या: पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। उसे संदेह था कि बच्चा किसी दूसरे व्यक्ति का है। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोपी के अनुसार, कुछ समय पहले भी झगड़े के दौरान उसने बच्चे को जमीन पर पटक दिया था, जिससे उसे चोट लगी थी, लेकिन उस समय उसकी पत्नी ने बच्चे को बचा लिया था।
आरोपी ने बताया कि 9 नवंबर को सुबह उसकी पत्नी काम पर चली गई थी। उस समय बच्चा कमरे में बेड पर खेल रहा था। बच्चे के बार-बार रोने से उसे गुस्सा आ गया और उसने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने बच्चे को अपने पास लिटा दिया और पत्नी के लौटने पर उसे बताया कि बच्चा सो रहा है।
कुछ देर बाद पत्नी ने बच्चे को उठाया तो उसकी मौत का पता चला। इसके बाद शोर मचने पर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। आरोपी बच्चे को लेकर अस्पताल भी पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गर्दन पर निशान देखकर हुआ शक, पोस्टमार्टम से खुला मामला: 
पुलिस के अनुसार, बच्चे के शव पर गर्दन के निशान देखकर मां को संदेह हुआ। हालांकि, गांव के कुछ परिजनों के कहने पर शव का अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट में कर दिया गया। बाद में मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने पर पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। मामले की जांच के दौरान आरोपी की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने