गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र स्थित डीएलएफ भगत सिंह चौक के पास एक फ्लैट में बुजुर्ग और उनके नौकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, फ्लैट पिछले कुछ दिनों से बंद था। अंदर रहने वाले लोग भी बाहर दिखाई नहीं दे रहे थे। शुक्रवार को अचानक फ्लैट से तेज दुर्गंध आने लगी, जिसके बाद आसपास रहने वाले लोगों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद शालीमार गार्डन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर फ्लैट के अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। दोनों शव कमरे में पड़े मिले।
डीसीपी नगर/ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि मृतकों की पहचान नेम सिंह पुत्र देशराज (करीब 60 वर्ष) और राकेश शर्मा पुत्र सत्यदेव शर्मा (करीब 75 वर्ष) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में दोनों के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच कराई गई है और साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद