राजनगर रेजीडेंसी में अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़, 18 गिरफ्तार

नंदग्राम पुलिस ने फ्लैट नंबर 1101, 1102 और 1103 में मारा छापा, चार हुक्के समेत फ्लेवर्ड तंबाकू और अन्य सामान बरामद

गाजियाबाद।
थाना नंदग्राम पुलिस ने राजनगर रेजीडेंसी स्थित एक फ्लैट में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार का खुलासा करते हुए 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिना लाइसेंस हुक्का बार चला रहे थे और ग्राहकों को पैसे लेकर फ्लेवर्ड हुक्का उपलब्ध कराते थे। मौके से चार हुक्के, 19 पाइप, कोयल हीटर, नोजल, चिमटा और विभिन्न ब्रांड के फ्लेवर्ड तंबाकू उत्पाद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राजनगर रेजीडेंसी के टावर-11 की 11वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 1101, 1102 और 1103 में बड़ी संख्या में लोग हुक्का और फ्लेवर्ड तंबाकू उत्पादों का सेवन कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो फ्लैटों के अंदर हुक्का बार संचालित होता मिला। वहां चारों ओर धुआं फैला हुआ था और कई लोग हुक्का पी रहे थे। पुलिस को देखकर कुछ लोग धक्का-मुक्की करते हुए भागने लगे, जबकि पुलिस टीम ने मौके से 18 लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे खुद भी हुक्का पीते थे और ग्राहकों से पैसे लेकर फ्लैटों में हुक्का पिलाते थे। 
पुलिस के मुताबिक, जब उनसे हुक्का बार संचालन का लाइसेंस मांगा गया तो वे कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा सके। आरोपियों ने बताया कि ग्राहकों की मांग पर फ्लेवर्ड हुक्का और तंबाकू उपलब्ध कराया जाता था तथा इससे होने वाली कमाई आपस में बांट ली जाती थी। पुलिस ने मौके से चार हुक्के, 19 पाइप, एक पैकेट हुक्का निप्पल, पीली धातु के पांच नोजल, प्लास्टिक के आठ नोजल, एक पीली धातु का चिमटा, तीन कोयल हीटर और कोयले का एक पैकेट बरामद किया। इसके अलावा Royal Smoking ब्रांड के फ्लेवर्ड शीशा मोलेसिस और Al Fakher ब्रांड के फ्लेवर्ड तंबाकू के पैकेट भी मिले। पुलिस ने फ्लेवर्ड तंबाकू के 10 पाइप भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हनी चौधरी, कृष्ण चौधरी, निशांत यादव, प्रणव वर्मा, अभिषेक डागर, स्वास्तिक शर्मा, आदित्य कपूर, आयुष वर्मा, रोहित यादव, लोकेश मलिक, अनमोल त्यागी, रजत यादव, अमित यादव, दिलाल, मंजीत, हर्ष, रोहित अरोड़ा और अजय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गाजियाबाद के कविनगर, वेव सिटी, सिहानी गेट, कोतवाली और नंदग्राम समेत अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने