बिना पहचान कराए शव का अंतिम संस्कार कराने पर दरोगा लाइन हाजिर

पुरुषोत्तम यादव की मौत के बाद परिजनों को 14 अक्टूबर को मिली थी जानकारी, पीड़ित परिवार की शिकायत पर थाना विजयनगर के दरोगा पर हुई कार्रवाई

गाजियाबाद।
गुमशुदा व्यक्ति की सड़क हादसे में घायल होने के बाद अस्पताल में मौत और पहचान किए बिना अंतिम संस्कार कराए जाने के मामले में विजयनगर थाने के दारोगा की लापरवाही सामने आई है। शुरुआती जांच में लापरवाही पाए जाने पर दारोगा जीवेश कुमार देव को लाइन हाजिर कर दिया गया है। जांच में वेव सिटी पुलिस की ओर से गुमशुदगी दर्ज करने और अपनी प्रक्रिया का पालन किए जाने की बात सामने आई है, जबकि विजयनगर थाने में अज्ञात घायल और बाद में मृत हुए व्यक्ति की पहचान कराने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए गए। 
जानकारी के अनुसार, लालकुआं निवासी पुरुषोत्तम यादव 29 सितंबर को घर से लापता हो गए थे। उनकी बेटी शालिनी यादव ने इस संबंध में वेव सिटी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। परिवार उनकी तलाश कर रहा था, लेकिन इस बीच 2 अक्टूबर को विजयनगर थाना क्षेत्र में डीपीएस चौराहे के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से पुरुषोत्तम यादव घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 6 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने उन्हें अज्ञात मानते हुए अंतिम संस्कार करा दिया। इस दौरान गुमशुदगी दर्ज कराने वाले परिवार तक उनके घायल होने और मौत की सूचना नहीं पहुंच सकी। 
परिजनों को 14 अक्टूबर को पता चला कि पुरुषोत्तम यादव की मौत हो चुकी है और उनका अंतिम संस्कार भी कराया जा चुका है। इसके बाद बेटी शालिनी यादव ने अपर पुलिस आयुक्त से शिकायत कर पुलिसकर्मियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए और मामले में कार्रवाई की मांग की। शिकायत के बाद कराई गई शुरुआती जांच में वेव सिटी पुलिस की ओर से गुमशुदगी दर्ज करने और जांच की प्रक्रिया का पालन किए जाने की बात सामने आई। वहीं, विजयनगर थाने में तैनात दारोगा जीवेश कुमार देव की ओर से अज्ञात घायल व्यक्ति की पहचान कराने के लिए आवश्यक प्रयास नहीं किए जाने की बात उजागर हुई। 
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि अज्ञात शवों की पहचान और गुमशुदगी के मामलों की जांच गंभीरता से करने के लिए सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। इस मामले में शुरुआती जांच के दौरान लापरवाही सामने आने पर संबंधित दारोगा को लाइन हाजिर किया गया है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने