हत्याकांड में शामिल बदमाश बना पुलिस की गोली का निशाना

मुरादनगर में गोली मारकर की गई की थी इमरान की हत्या
नाबालिग कर चुका था सरेंडर, अब मुठभेड़ में यासिर गिरफ्तार

गाजियाबाद।
मुरादनगर थाना इलाके के ओलंपियाड तिराहा बाजार में बीती 20 दिसम्बर 2025 को साइकिल रिपेयर की दुकान पर बैठे इमरान नामक व्यक्ति को एक नाबालिग लड़के ने 18 साल पहले हुई ताऊ की हत्या का बदला लेने के लिए मौत के घाट उतार दिया था। इमरान हत्याकांड में नामजद अन्य आरोपियों में से एक वांछित आरोपी को पुलिस ने अब मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। मुरादनगर क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान हत्या के मामले में वांछित शातिर बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से अवैध हथियार, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद की गई है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह स्वाट टीम, अपराध शाखा और थाना मधुबन बापूधाम पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त यासिर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 190, 191(2), 191(3), 3/5, 351(3), 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित अभियुक्त यासिर मधुबन बापूधाम क्षेत्र में मौजूद है। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने काले रंग की वरना कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया और तत्काल उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा।
पूछताछ के दौरान घायल बदमाश ने अपना नाम यासिर पुत्र अलीम निवासी मोहल्ला कोट, मुरादनगर, गाजियाबाद बताया। उसकी उम्र करीब बत्तीस वर्ष बताई जा रही है। आरोपी ने पूर्व में इमरान की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी पिस्टल 0.32 बोर, एक जिंदा कारतूस 0.32 बोर, एक खोखा कारतूस 0.32 बोर और काले रंग की वरना कार संख्या वढ14ऋद0691 बरामद की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त यासिर का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ थाना मुरादनगर में कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। 
बता दें कि बीती 20 दिसम्बर 2025 को एक नाबालिग ने इमरान के सीने में तीन गोलियां दागकर हत्या कर दी थी और बाद में पुलिस के सामने नाबालिग आरोपी ने सरेंडर कर दिया था। नाबालिग ने साल 2007 में हुई अपने ताऊ अखलाक की हत्या का बदला इमरान से लेने की बात कही थी। इमरान की हत्या से आक्रोशित दुकानदारों और व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था तथा इमरान हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई थी। उसी समय पुलिस ने नाबालिग आरोपी के अलावा यासिर, साबिर, अरफाज और कैफ समेत चार अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया था। उन्हीं आरोपियों में से एक यासिर को पुलिस ने अब मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने