इंदिरापुरम में पुलिस मुठभेड़: सुंदर नगरी का शातिर स्नैचर गोली लगने के बाद गिरफ्तार

मोटरसाइकिल बदल-बदलकर करता था स्नैचिंग, अवैध तमंचा बरामद, साथी फरार 

गाजियाबाद।
इंदिरापुरम थाना पुलिस ने मंगलवार रात को चेकिंग के दौरान एक शातिर स्नैचर एवं लुटेरे को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और स्नैचिंग की घटना से जुड़ा पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद हुआ है। 
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के अनुसार, 28 जुलाई को थाना इंदिरापुरम पुलिस टीम हिंडन बैराज पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कनावनी पुस्ता रोड की ओर से एक युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन फिसलकर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। 
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम आसू खान पुत्र नसीम खान, निवासी सुंदर नगरी, थाना नंद नगरी, दिल्ली (हाल निवासी गली नंबर-3, मकान नंबर-129, सुंदर नगरी) बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने फरार साथी रईस पुत्र अतीक अहमद, निवासी सुंदर नगरी, दिल्ली के साथ मिलकर दिल्ली, गाजियाबाद और एनसीआर क्षेत्र में मोटरसाइकिल बदल-बदलकर स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। उसने स्वीकार किया कि कुछ दिन पहले दोनों ने इंदिरापुरम क्षेत्र में भी स्नैचिंग की घटनाएं की थीं। 
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, तीन खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल तथा पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आसू खान के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद और एनसीआर के विभिन्न थानों में लूट, स्नैचिंग, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, फरार आरोपी रईस की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने