हादसों की आशंका जताते हुए स्थानीय लोगों ने स्थान बदलने की मांग उठाई
गाजियाबाद। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 (वार्ड-78) स्थित दयानंद पार्क के बाहर सड़क के बीच हाई मास्ट लाइट लगाने के लिए किए गए गड्ढे का स्थानीय निवासियों ने विरोध किया है। लोगों का कहना है कि सड़क के बीच में हाई मास्ट लाइट लगाने से यातायात प्रभावित होगा और भविष्य में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यदि क्षेत्र में बेहतर रोशनी की आवश्यकता है तो हाई मास्ट लाइट को सड़क के किनारे लगाया जाए। उनका कहना है कि सड़क किनारे पहले से लगे बिजली के खंभों पर अधिक क्षमता वाली एलईडी लाइटें लगाकर भी समस्या का समाधान किया जा सकता है। इससे यातायात भी बाधित नहीं होगा और लोगों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था भी मिल सकेगी।
निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हाई मास्ट लाइट का स्थान बदला जाए। उनका कहना है कि यदि सड़क के बीच जबरन हाई मास्ट लाइट स्थापित की जाती है और भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना या जान-माल की हानि होती है, तो इसकी जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्यों से पहले क्षेत्रवासियों की राय और सहमति लेना आवश्यक है। उनका मानना है कि विकास तभी सार्थक है, जब उससे आम जनता को सुविधा मिले, न कि नई समस्याएं पैदा हों। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि हाई मास्ट लाइट को सड़क के बीच लगाने के बजाय आसपास किसी उपयुक्त स्थान या सड़क किनारे स्थापित किया जाए, ताकि सभी निवासियों को इसका लाभ मिल सके और यातायात भी सुरक्षित बना रहे।
Tags
गाजियाबाद


