फैक्ट्री से तीन नमूने जांच के लिए भेजे गए, पंजीकरण निलंबित करने की संस्तुति
गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के गणेशपुरी भाटी चौक स्थित एक सोया चाप निर्माण फैक्ट्री में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में भारी गंदगी के बीच सोया चाप तैयार किया जाता मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग ने करीब 200 किलोग्राम सोया चाप को मौके पर ही नष्ट करा दिया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। प्रशासन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने पाया कि फैक्ट्री में स्वच्छता मानकों का गंभीर उल्लंघन हो रहा था और खाद्य पदार्थ अस्वच्छ एवं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक परिस्थितियों में तैयार किए जा रहे थे।
निरीक्षण के समय फैक्ट्री में सोया चाप और अन्य खाद्य पदार्थों का निर्माण जारी था। हालांकि फैक्ट्री की पंजीकरणधारी ऊषा शुक्ला मौके पर मौजूद नहीं मिलीं। जांच मैनेजर पंकज गुप्ता की उपस्थिति में की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच के दौरान रंगीन सोया चाप, सफेद सोया चाप और मैदा के कुल तीन नमूने संग्रहित किए। इनमें 50 किलोग्राम रंगीन सोया चाप, 150 किलोग्राम सफेद सोया चाप तथा करीब दो क्विंटल मैदा में से नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री में व्याप्त गंदगी और खाद्य निर्माण की अस्वच्छ परिस्थितियों को देखते हुए मौके पर मौजूद करीब 200 किलोग्राम सोया चाप को नष्ट कराया गया। साथ ही फैक्ट्री के पंजीकरण को आवश्यक सुधार होने तक निलंबित करने की संस्तुति की गई है। विभाग ने संचालक को अगली सूचना तक खाद्य पदार्थों का निर्माण बंद रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
गाजियाबाद