एसआईटी की कार्रवाई: निवेशकों से जुटाई गई रकम आरोपियों के बैंक खातों में मिलने के बाद हुई गिरफ्तारी
गाजियाबाद। थाना नंदग्राम पुलिस और एसआईटी ने फ्लैट एवं दुकान बुकिंग के नाम पर निवेशकों से करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में संदीप कुमार गुप्ता, प्रवीण कुमार उर्फ पी.के. गुप्ता और आर्यन गुप्ता शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक टाटा सफारी कार भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 28 जून और 16 जुलाई 2026 को प्राप्त शिकायतों के आधार पर थाना नंदग्राम में मुकदमा संख्या 384/2026 और 428/2026 दर्ज किया गया था। आरोप है कि M/s ASR Realtech Limited तथा M/s Right Earth Infra LLP की परियोजनाओं में फ्लैट और दुकानों की बुकिंग के नाम पर निवेशकों से करोड़ों रुपये लेकर धोखाधड़ी की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने बैंक खातों और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच की। जांच में सामने आया कि निवेशकों से ली गई धनराशि गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों में भी स्थानांतरित हुई थी। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनकी संलिप्तता पाए जाने पर एसआईटी ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
एसआईटी की गिरफ्तारी टीम ने मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर संदीप कुमार गुप्ता (58 वर्ष), प्रवीण कुमार उर्फ पी.के. गुप्ता (55 वर्ष) तथा आर्यन गुप्ता (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी नेहरू नगर, थाना सिहानी गेट क्षेत्र के निवासी हैं। गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से डीएल-5सीएस-7735 नंबर की टाटा सफारी कार भी बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच एसआईटी द्वारा की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, गबन सहित अन्य संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले में अन्य आरोपियों और वित्तीय लेनदेन की भी गहन जांच जारी है।
Tags
गाजियाबाद