व्हाट्सएप ग्रुप से रियल-टाइम अपडेट, सीमाओं पर सघन चेकिंग, भारी व हल्के वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान जारी; श्रद्धालुओं, वाहन चालकों और शिविर संचालकों के लिए एडवाइजरी जारी
गाजियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और निर्विघ्न संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में उच्चस्तरीय अंतर-राज्यीय एवं अंतर-जनपदीय समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस कमिश्नर गाजियाबाद के निर्देशन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं यातायात) ने की। बैठक में दिल्ली, नोएडा, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर तथा गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लेकर सुरक्षा, यातायात और समन्वय व्यवस्था पर विस्तृत रणनीति तैयार की। बैठक में गाजियाबाद पुलिस के पुलिस उपायुक्त ट्रांस-हिंडन, सिटी, ग्रामीण और यातायात के अलावा अपर पुलिस उपायुक्त यातायात मौजूद रहे। वहीं दिल्ली पुलिस की ओर से जॉइंट सीपी, डीसीपी शाहदरा, डीसीपी नॉर्थ-ईस्ट और डीसीपी ट्रैफिक ने हिस्सा लिया। इसके अतिरिक्त गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, हापुड़ और बुलंदशहर के यातायात अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
रियल-टाइम सूचना साझा करने के लिए बनेगा व्हाट्सएप नेटवर्क
बैठक में निर्णय लिया गया कि दिल्ली और सीमावर्ती जिलों के थानों एवं अधिकारियों के बीच विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएंगे। इन ग्रुपों के माध्यम से कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की संख्या, ट्रैफिक की स्थिति, किसी भी आपात स्थिति और सुरक्षा संबंधी सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान किया जाएगा, ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
भारी वाहनों पर 29 जुलाई से प्रतिबंध
प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान भारी वाहनों के लिए विस्तृत डायवर्जन प्लान जारी किया है। 29 जुलाई सुबह 8 बजे से 12 अगस्त तक दिल्ली की सीमापुरी, आनंद विहार और तुलसी निकेतन बॉर्डर से भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इन वाहनों को रोड नंबर-56, गाजीपुर मंडी, एनएच-09, डासना होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) अथवा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से भेजा जाएगा। हापुड़ और बुलंदशहर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को भी शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा और उन्हें सीधे एनएच-09 से होकर गुजरना होगा।
आगामी कांवड़ मेला 2026 को सकुशल संपन्न कराने हेतु पुलिस लाइन सभागार में उच्चस्तरीय अंतर-राज्यीय व अंतर-जनपदीय समन्वय गोष्ठी का आयोजन
बाइट- श्री राजकरन नैय्यर, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात, कमिश्नरेट गाजियाबाद @Uppolice https://t.co/u6MxqnGmGT pic.twitter.com/35W4W4CkAZ
— POLICE COMMISSIONERATE GHAZIABAD (@ghaziabadpolice) July 28, 2026
5 अगस्त से हल्के वाहनों पर भी लागू होगा डायवर्जन
आगामी कांवड़ मेला 2026 को सकुशल संपन्न कराने हेतु पुलिस लाइन सभागार में उच्चस्तरीय अंतर-राज्यीय व अंतर-जनपदीय समन्वय गोष्ठी का आयोजन
बाइट- श्री राजकरन नैय्यर, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात, कमिश्नरेट गाजियाबाद @Uppolice https://t.co/u6MxqnGmGT pic.twitter.com/35W4W4CkAZ
5 अगस्त सुबह 8 बजे से 12 अगस्त तक हल्के वाहन, बसें और ऑटो के लिए भी विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।
- सीमापुरी, आनंद विहार और दिल्ली की ओर से शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- दूधेश्वरनाथ मंदिर जाने वाले मार्गों पर चौधरी मोड़, गौशाला फाटक, हापुड़ तिराहा, कैला भट्टा, पटेल नगर फ्लाईओवर, संजय गीता चौक, घूकना मोड़, डीपीएस कट और सिहानी चुंगी से नो-एंट्री लागू रहेगी।
- सीमापुरी से लालकुआं, मोहन नगर से आनंद विहार तथा एनएच-34 पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन भी प्रतिबंधित रहेगा।
- 7 अगस्त सुबह 8 बजे से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) पर भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा और मेरठ जाने वाले वाहनों को डासना, एनएच-09 और हापुड़ होकर भेजा जाएगा।
सीमाओं पर सघन चेकिंग और बड़ी पार्किंग व्यवस्था
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि दिल्ली सीमा के निकट बड़ी कंटिजेंसी पार्किंग विकसित की जाएगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जा सके। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
कांवड़ियों के लिए विशेष एडवाइजरी
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित कांवड़ मार्ग का ही उपयोग करें। डीजे की ऊंचाई और ध्वनि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप रखें ताकि बिजली के तारों या अन्य श्रद्धालुओं को कोई खतरा न हो। सभी श्रद्धालु यात्रा के दौरान आधार कार्ड अथवा अन्य वैध पहचान पत्र अपने साथ रखें तथा किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
वाहन चालकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से डायवर्जन प्लान का पालन करने, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। कांवड़ मार्गों और प्रमुख चौराहों पर वाहन खड़ा न करने की भी सलाह दी गई है, ताकि श्रद्धालुओं और आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में कोई बाधा न आए।
कांवड़ सेवा शिविर संचालकों के लिए निर्देश
सेवा शिविर संचालकों से कहा गया है कि वे शिविर सड़क से पर्याप्त दूरी पर लगाएं ताकि यातायात प्रभावित न हो। शिविरों में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत यूपी-112 अथवा निकटतम पुलिस कंट्रोल रूम और ट्रैफिक हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
सुरक्षा और सुगम यात्रा पर रहेगा विशेष फोकस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली और एनसीआर के सभी सीमावर्ती जिलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ऐसा यातायात प्रबंधन किया जाएगा जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं की कांवड़ यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। पुलिस ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का पालन ही यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने की सबसे बड़ी कुंजी है।