दो तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद, मेरठ और गाजियाबाद से जुड़े हैं आरोपी
गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर चोर-लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दो आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीसरे आरोपी को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया।
नन्दग्राम एसीपी जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि 10/11 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि फैक्ट्री एरिया में बाइक सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हो सकते हैं। सूचना के आधार पर सिहानी गेट पुलिस टीम ने मंगल पांडे मार्ग, रोहिणी नगर, सी-ब्लॉक कट के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक लेकर भागने लगे। भागने के दौरान मोटरसाइकिल फिसल गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े। पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दो आरोपी भागने लगे। एसीपी का कहना है कि पीछा किए जाने पर दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर के देशी तमंचे, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP15 FD7747) बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरूख उर्फ इमरान पुत्र नसीम उर्फ भूरा निवासी ग्राम धर्मपुर सरधना मेरठ वर्तमान पता रफीक गार्डन मसूरी, इमरान पुत्र शहीद उर्फ नईम निवासी रफीक गार्डन मसूरी गाजियाबाद और सोनू पुत्र स्वर्गीय अब्दुल सत्तार मूल निवासी ग्राम घूघांल हापुड़ वर्तमान पता मयूर विहार, नूरानी मस्जिद के पास मसूरी गाजियाबाद के रूप में हुई है।
एसीपी के अनुसार, शाहरूख उर्फ इमरान के खिलाफ हत्या, चोरी और हत्या के प्रयास समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं इमरान के खिलाफ लूट, अवैध शस्त्र और चोरी समेत चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी हाल के दिनों में किन अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं।
Tags
गाजियाबाद