लोनी में हॉर्न बजाकर हटने को कहना पड़ा भारी, युवक की गोली मारकर हत्या (वीडियो देखें)

मुख्य आरोपी फरार, पिता और पत्नी गिरफ्तार

गाजियाबाद।
लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की रतिराम कॉलोनी में रविवार देर रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बाइक का हॉर्न बजाकर रास्ते से हटने के लिए कहना 25 वर्षीय युवक विपिन कुमार को इतना महंगा पड़ा कि उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर विपिन की हत्या कर दी।  वह भतीजी के जन्मदिन समारोह से रिश्तेदारों को छोड़कर घर लौट रहा था। पुलिस ने मुख्य आरोपी, उसके पिता और पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पिता और पत्नी को गिरफ्तार कर मुख्य आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। .  
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार 12 जुलाई 2026 की देर रात की है। विपिन कुमार देर रात अपनी भतीजी के जन्मदिन समारोह में शामिल रिश्तेदारों को बाइक से छोड़कर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान सोनू पुत्र ब्रह्मपाल ने उसे अपने घर के बाहर रोक लिया। विपिन ने रास्ता खाली करने के लिए हॉर्न बजाया, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए सोनू ने तमंचा निकालकर विपिन पर गोलियां चला दीं। परिजनों के मुताबिक पहली गोली विपिन के भाई के हाथ में लगी. गोली लगने से उसके हाथ में रखा मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया. इसके बाद  चली दूसरी गोली विपिन के पेट में लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहली गोली लगते ही विपिन सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और उसने जमीन पर पड़े विपिन पर एक और गोली चला दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल विपिन को परिजन तत्काल दिल्ली स्थित गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विपिन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिवार को रो-रोकर बुरा हाल है।  घटना की सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू, उसके पिता और पत्नी के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि वारदात में सिर्फ सोनू ही शामिल नहीं था, बल्कि उसके साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। उनका कहना है कि घटना की पूरी साजिश की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी और उसका पिता आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद उन्हें लगातार धमकियां भी मिल रही हैं। परिवार ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि मृतक के परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि नामजद अभियुक्तों में मुख्य आरोपी सोनू के पिता ब्रह्मपाल और उसकी पत्नी आशा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है।साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वारदात से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके। 
इस घटना के बाद रतिराम कॉलोनी में तनाव का माहौल है। पुलिस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने