भाकपा का गाजियाबाद कलेक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन

महंगाई, शिक्षा, स्मार्ट मीटर और रोजगार समेत 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा


गाजियाबाद।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर गाजियाबाद जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और जिला प्रशासन के नाम संबोधित 10 सूत्रीय मांगपत्र जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा।भाकपा के जिला सचिव सईद अनवर ने कहा कि आम जनता बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिजली के निजीकरण, स्मार्ट मीटरों के बढ़े हुए बिजली बिल, शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं और सामाजिक उत्पीड़न जैसी कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। उन्होंने सरकार से इन मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में पार्टी ने अलीगंज, लखनऊ के कोचिंग सेंटर अग्निकांड के जिम्मेदारों की तत्काल गिरफ्तारी, मृत छात्रों के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा घटना की निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा बंद किए गए प्राथमिक विद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों और मदरसों को पुनः संचालित करने, शिक्षा से वंचित छात्रों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने तथा बार-बार होने वाली पेपर लीक की घटनाओं की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग भी की गई। भाकपा ने बढ़ती महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों पर नियंत्रण, बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने तथा स्मार्ट मीटरों के कारण बढ़े बिजली बिलों की समीक्षा कर उन्हें वापस लेने की भी मांग उठाई।
ज्ञापन में दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों पर प्रभावी रोक लगाने, मनरेगा को मजबूत बनाए रखने, ग्रामीण खेत मजदूरों को वर्ष में 200 दिन रोजगार, प्रतिदिन 700 रुपये न्यूनतम मजदूरी तथा 55 वर्ष की आयु पूरी होने पर 6,000 रुपये मासिक पेंशन देने की मांग भी शामिल रही। पार्टी ने सरकार से युवाओं के लिए व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने तथा ऐसी नीतियों को समाप्त करने की मांग की, जिनसे रोजगार के अवसर कम होते हैं और श्रमिकों को कम मजदूरी पर काम करना पड़ता है।
धरना-प्रदर्शन में अब्दुल रशीद बब्बन, सदन राय, मास्टर मीनू, हाफिज नूर मोहम्मद, अजीज अंसारी, वाहिद पेंटर, राजा वर्मा, अभिषेक, उमर सहित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने