दिल्ली: कल्याणपुरी में पत्नी की हत्या कर फरार हुआ कॉन्स्टेबल

तीन साल पहले हुई थी शादी, अब कॉन्स्टेबल ने पत्नी की गोली मारकर ली जान


नई दिल्ली।
पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। दिल्ली पुलिस के एक कॉन्स्टेबल ने कथित तौर पर स्कूटी पर साथ जा रही अपनी पत्नी की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच ईस्ट विनोद नगर, गली नंबर-2 में हुई। मृतका की पहचान प्रियंका भाटी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान मनीष भाटी के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, मनीष और प्रियंका स्कूटी से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मनीष ने स्कूटी बीच सड़क पर रोक दी और गुस्से में अपनी पत्नी पर गोली चला दी। गोली लगते ही प्रियंका सड़क पर गिर पड़ी, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायल महिला को ऑटो-रिक्शा की मदद से लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रियंका को मृत घोषित कर दिया।
तीन साल पहले हुई थी शादी: 
पुलिस जांच में सामने आया है कि मनीष और प्रियंका की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। पड़ोसियों के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। मृतका का मायका उत्तर प्रदेश के दादरी में स्थित है। दिल्ली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस टीम आरोपी कॉन्स्टेबल की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही, घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतका के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने