दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का किया भंडाफोड़ (वीडियो देखें)

 4 तस्कर गिरफ्तार , 765.6 किलो गांजा और 2.30 करोड़ रुपये का माल बरामद
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की बाहरी जिला (आउटर डिस्ट्रिक्ट) पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 765.6 किलोग्राम गांजा, 4 लाख रुपये नकद, 126 ग्राम सोने के आभूषण और 8 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.30 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि जिले की एंटी नार्कोटिक्स स्क्वॉड को खुफिया सूचना मिली थी कि मधुबन चौक के पास मादक पदार्थों की खेप पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर 20 जून को पुलिस टीम ने छापेमारी कर अशोक कुमार नामक तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 22 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान अशोक ने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने लगातार 36 घंटे तक बिहार, ओडिशा, झारखंड, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नीतीश, धर्मेंद्र और इंद्रजीत को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पुलिस ने कुल 765.6 किलोग्राम गांजा, 4 लाख रुपये नकद, 126 ग्राम सोने के आभूषण तथा 8 मोबाइल फोन बरामद किए। 
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह विभिन्न राज्यों में बड़े पैमाने पर गांजे की सप्लाई करता था। दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की वित्तीय लेन-देन और अंतरराज्यीय कनेक्शन की भी गहन जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि राजधानी में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने