गोली, आगजनी और अब चोरी... भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी का परिवार कब तक रहेगा निशाने पर?

इस बार मानसिंह गोस्वामी के घर में घुसकर मोबाइल चोरी, सीसीटीवी में कैद वारदात, बार-बार की वारदातों से पुलिस की सतर्कता पर भी उठ रहे सवाल

गाजियाबाद।
शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र की डीएलएफ कॉलोनी में भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी का घर एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया। मंगलवार सुबह करीब 6:59 बजे एक बेखौफ चोर उनके घर में घुसा, मोबाइल चोरी किया और आराम से फरार हो गया। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।परिवार का आरोप है कि बार-बार हो रही घटनाओं के बावजूद पुलिस का रवैया पूरी तरह ढुलमुल बना हुआ है।
मंगलवार सुबह तड़के 6:59 बजे एक बेखौफ चोर उनके सी-67 स्थित निवास में घुसा और मोबाइल चोरी करके रफूचक्कर हो गया। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद परिवार ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद थाना शालीमार गार्डन की डीएलएफ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि परिवार का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि वर्षों से लगातार शिकायतों और घटनाओं के बावजूद पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है। मानसिंह गोस्वामी भाजपा पश्चिम क्षेत्र के उपाध्यक्ष एवं मेरठ जिला प्रभारी हैं, जबकि उनकी पत्नी रेखा गोस्वामी वार्ड-10 से नगर निगम पार्षद हैं। उनका आरोप है कि उनका घर लंबे समय से चोरों और असामाजिक तत्वों के निशाने पर है, लेकिन पुलिस हर बार केवल जांच का भरोसा देकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल देती है।
पहले भी हो चुकी हैं गंभीर वारदातें:
यह पहली बार नहीं है जब मानसिंह गोस्वामी के परिवार को निशाना बनाया गया है। परिवार के मुताबिक, बीती 13 फरवरी को भी उनके घर के पास एक चोर को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इसके बावजूद क्षेत्र में चोरी की घटनाएं नहीं रुकीं। इतना ही नहीं, बीती 11 फरवरी 2026 की रात को उनके घर पर आगजनी की घटना भी हो चुकी है, जिसमें परिवार ने किसी तरह अपनी जान बचाई थी। वह विस्फोट इतना तीव्र था दो सीसीटीवी कैमरे उड़ गए थे। इसके बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में कोई प्रभावी सुधार नहीं हुआ।
प्रधानमंत्री की जनसभा के बाद से निशाने पर: मानसिंह गोस्वामी का कहना है कि भाजपा महानगर अध्यक्ष रहने के दौरान उन पर हमला किया गया, उन पर गोली चलाई गई और एक बार उनकी कार को ट्रक से टक्कर मारकर जान लेने की कोशिश भी की गई। उनका दावा है कि गाजियाबाद में सीबीआई अकादमी के पीछे संजय नगर रामलीला ग्राउंड में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार के लिए आए थे तब वे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एस्कॉर्ट करके हेलीपैड से मंच तक लाए थे। तब से वे लगातार असामाजिक तत्वों के निशाने पर हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें पाकिस्तान से भी धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन इन गंभीर मामलों को भी पुलिस ने अपेक्षित गंभीरता से नहीं लिया।
लगातार हो रही घटनाओं ने शालीमार गार्डन क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि एक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ भाजपा नेता का परिवार भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश करने का दावा कर रही है, लेकिन सवाल यह है कि बार-बार हो रही घटनाओं के बावजूद आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं?

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने