एंटी करप्शन टीम ने कविनगर में रंगे हाथ पकड़ा, पूछताछ जारी
गाजियाबाद। गाजियाबाद में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन मेरठ की टीम ने जीएसटी विभाग के एक बाबू को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गुरुवार को कविनगर थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी को कविनगर थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकेश पुत्र रोहताश सिंह के रूप में हुई है। वह मोदीनगर के ग्राम हुसैनपुर का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई गई है। लोकेश राज्य कर विभाग के कार्यालय में तैनात था।
जानकारी के मुताबिक, एंटी करप्शन मेरठ की टीम को लोकेश के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और जाल बिछाकर आरोपी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई का नेतृत्व एंटी करप्शन टीम के निरीक्षक मयंक अरोड़ा ने किया। टीम ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद कविनगर थाने पहुंचाया।
कविनगर थाने में एंटी करप्शन टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रिश्वत किस काम को कराने के एवज में मांगी गई थी और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, एंटी करप्शन टीम से शिकायत और गिरफ्तारी से संबंधित दस्तावेज प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में राज्य कर विभाग में बाबू लोकेश को एंटी करप्शन टीम ने 5 हज़ार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है।
— Madan Mohan Soni (@madanmohansoni) September 17, 2026
लोकेश ने नोटिस निपटाने के नाम पर रिश्वत ली। पहले 16 हजार की मांग हुई, बाद में सौदा 5 हजार पर तय हुआ। चाय की दुकान पर पैसे लेते ही रंगे हाथ पकड़ा गया। pic.twitter.com/WSupiJKCe1
Tags
गाजियाबाद