काम के लिए बुलाया था बच्चे को, मुरादनगर पुलिस ने 60 वर्षीय आरोपी को किया गिरफ्तार
गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र में खेत में तारबंदी कर बिजली का करंट छोड़ने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बच्चे को पैसे का लालच देकर खेत में काम करने के लिए बुलाया गया था, जहां करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को मृतक बच्चे के परिजनों ने मुरादनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि भौवापुर निवासी श्रीनिवास उर्फ सीओ, पुत्र परमाल सिंह, ने अपने खेत में तारबंदी कर उसमें बिजली का करंट छोड़ रखा था। आरोप है कि उसने करीब 10 वर्षीय बच्चे को पैसे का लालच देकर खेत में काम करने के लिए बुलाया था। इसी दौरान बच्चा करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में शुरुआत में धारा 106(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर उक्त धारा को हटाकर धारा 105 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर मुरादनगर पुलिस टीम ने आरोपी श्रीनिवास उर्फ सीओ (60 वर्ष) को थाना क्षेत्र मुरादनगर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने खेत में तारबंदी कर बिजली का करंट छोड़ने और बच्चे को पैसे का लालच देकर खेत में काम के लिए बुलाने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान बच्चे की करंट लगने से मौत हुई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी मुरादनगर पुलिस टीम ने की।
Tags
गाजियाबाद