मोदीनगर के रोरी और बेगमाबाद में की कार्रवाई, दुकानों को भी तोड़ा
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने गुरुवार को मोदीनगर क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 17 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। प्रवर्तन टीम ने मौके पर बनाई गई आरसीसी सड़कें, बाउंड्रीवॉल और प्लॉटिंग को भी तोड़ दिया। इसके अलावा महेश मार्ग पर बनाई गई अवैध दुकानों पर भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।जीडीए के अनुसार ग्राम रोरी के खसरा नंबर 922, 923 और 924 में मंगल विहार कॉलोनी के पीछे मुकेश ठाकुर, गौरव चौहान, एमजी प्रॉपर्टीज, जितेंद्र कुमार और सुनील व्यास द्वारा अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। मौके पर सड़कों के निर्माण के लिए मिट्टी भरने का काम चल रहा था। सूचना मिलने पर प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और अवैध विकास कार्य को ध्वस्त कर दिया।
बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण पर कार्रवाई: जीडीए की टीम ने इसके अलावा ग्राम बेगमाबाद-बुदाना में महेश पार्क के पास खसरा नंबर 884 में भी कार्रवाई की। प्राधिकरण के मुताबिक यहां अमित और संजय गर्ग करीब 200 वर्गमीटर क्षेत्र में पिलर खड़े कर निर्माण करा रहे थे। मौके पर दीवार की चिनाई का काम भी प्लिंथ लेवल से नीचे किया जा रहा था। प्रवर्तन टीम ने निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया। जीडीए अधिकारियों के मुताबिक मौके पर निर्माण से संबंधित कोई स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया। टीम ने संबंधित लोगों को बिना अनुमति आगे किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं करने की चेतावनी दी।
विरोध के बीच जारी रहा ध्वस्तीकरण: अवैध कॉलोनी और निर्माण के खिलाफ कार्रवाई के दौरान स्थानीय बिल्डरों और कॉलोनाइजरों ने विरोध भी किया। हालांकि, मौके पर मौजूद प्राधिकरण के पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया और प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई जारी रखी। जीडीए की कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 के कर्मचारी, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ते के सदस्य मौजूद रहे। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि अवैध कॉलोनियों और निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अगले महीने भी ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई किए जाने की बात जीडीए ने कही है।
Tags
गाजियाबाद