भारत विकास परिषद ने आमजन की सुविधा के लिए की व्यवस्था, पार्षद हिमांशु चौधरी के प्रयासों से सेवा शुरू
गाजियाबाद। साहिबाबाद गांव और आसपास के लोगों को अब अंतिम संस्कार से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। वार्ड नंबर-40 के पार्षद हिमांशु चौधरी के प्रयास से भारत विकास परिषद की साहिबाबाद शाखा ने आमजन की सुविधा के लिए निशुल्क अंतिम यात्रा वाहन तथा शव को सुरक्षित रखने के लिए डी-फ्रीजर की व्यवस्था शुरू की है।
यह सुविधा साहिबाबाद गांव के मुख्य मार्ग लिंक रोड पर संगम होंडा एजेंसी के सामने, शिवजी की मूर्ति के पास बने कमरे में उपलब्ध कराई गई है। संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार जरूरतमंद परिवार इस सेवा का निशुल्क उपयोग कर सकेंगे।
भारत विकास परिषद वैशाली-वसुंधरा शाखा के राकेश अग्रवाल और साहिबाबाद शाखा के दिनेश गुप्ता ने बताया कि परिषद पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के कार्य कर रही है। संस्था की ओर से बच्चों की शिक्षा में सहयोग, स्कूलों में पेयजल एवं पुस्तकों की व्यवस्था सहित अनेक सामाजिक कार्य किए जाते रहे हैं। इसी क्रम में साहिबाबाद गांव और आसपास के निवासियों की आवश्यकता को देखते हुए अंतिम यात्रा वाहन और डी-फ्रीजर की सुविधा शुरू की गई है।
गांव के हित में हरसंभव सहयोग का भरोसा: कार्यक्रम के दौरान पार्षद हिमांशु चौधरी ने कहा कि गांव के हित में होने वाले जनहित के कार्यों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भारत विकास परिषद की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए संस्था को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद भविष्य में भी गांव के हित में जो कार्य करेगी, उसमें वह कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करेंगे। पार्षद ने संस्था के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया। वहीं, भारत विकास परिषद के राकेश अग्रवाल, दिनेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने ग्रामवासियों को भरोसा दिलाया कि बच्चों की शिक्षा और गांव के हित से जुड़े कार्यों में संस्था अपनी क्षमता के अनुसार अधिक से अधिक सहयोग करने का प्रयास करेगी।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद: कार्यक्रम में वार्ड नंबर-40 के पार्षद हिमांशु चौधरी, भारत विकास परिषद साहिबाबाद शाखा के दिनेश गुप्ता, महावीर प्रसाद अरोड़ा, निशी शर्मा, अरुण शर्मा, हरीश गर्ग तथा वैशाली-वसुंधरा शाखा के राकेश अग्रवाल, मीरा गुप्ता, शशि भूषण, प्रांतीय अध्यक्ष कवित्त बंसल, प्रांतीय वित्त सचिव प्रवेश चंद गुप्ता, सुबोध चौधरी, शिवराज चौधरी, सनी शर्मा, लोकेश चौधरी, मिथिलेश कुमार, नित्य नारायण झा, श्री भगवान चौधरी, राहुल ठाकुर, अभी चौधरी, गुंजन श्रीवास्तव, देवेंद्र त्यागी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सफाई नायक राजकुमार एवं उनकी टीम ने सफाई व्यवस्था में सहयोग किया। अंत में पार्षद हिमांशु चौधरी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
Tags
गाजियाबाद


