कासगंज के अमर पब्लिक स्कूल में एनडीआरएफ का स्कूल सेफ्टी अभियान

गाजियाबाद एनडीआरएफ टीम से विद्यार्थियों ने सीखी आपदा से बचाव की तकनीक

कासगंज।
8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), गाजियाबाद की टीम ने कासगंज के अमर पब्लिक स्कूल, गोरहा में स्कूल सेफ्टी एवं जनजागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों को आपदा के दौरान सुरक्षित रहने और त्वरित प्रतिक्रिया देने के व्यावहारिक तरीके सिखाए। एनडीआरएफ की टीम जून माह से जिला प्रशासन के समन्वय से कासगंज में विद्यालयों, संस्थानों और गांवों में आपदा जोखिम न्यूनीकरण तथा जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित कर रही है। टीम कमांडर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भूकंप, आग, आकाशीय बिजली और अन्य आपात परिस्थितियों से निपटने के उपायों का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण दिया गया।
भूकंप और आग से बचाव का कराया अभ्यास: 
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को भूकंप के समय Drop-Cover-Hold तकनीक का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही सुरक्षित निकासी, अग्नि सुरक्षा और आपात स्थिति में सही तरीके से प्रतिक्रिया देने के उपाय भी समझाए गए। एनडीआरएफ कर्मियों ने प्राथमिक उपचार के साथ CPR और बेसिक लाइफ सपोर्ट तकनीकों का प्रदर्शन किया और विद्यार्थियों से इसका व्यावहारिक अभ्यास भी कराया। किसी व्यक्ति के गले में भोजन या अन्य वस्तु फंसने की स्थिति में Heimlich Manoeuvre Technique के जरिए सहायता करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
आकाशीय बिजली से बचाव और चेतावनी ऐप की जानकारी: 
विद्यार्थियों को आकाशीय बिजली से बचाव के जरूरी उपायों की जानकारी देने के साथ Sachet App और Damini App के उपयोग के बारे में बताया गया। टीम ने समझाया कि पूर्व चेतावनी संबंधी जानकारी समय पर प्राप्त होने से संभावित जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) 2026-27 के संबंध में भी जागरूक किया गया। Mission LiFE के तहत पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने का संदेश दिया गया।एनडीआरएफ टीम ने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल विद्यालय विद्यार्थियों के लिए बेहतर सीखने का वातावरण तैयार करने के साथ-साथ आपदा जोखिम को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
‘घबराएं नहीं, सही जानकारी के साथ लें फैसला’: 
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता, संयम और सही जानकारी के साथ त्वरित निर्णय लेना जीवन बचाने में महत्वपूर्ण हो सकता है। विद्यार्थियों से स्वयं सुरक्षित रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी आपदा सुरक्षा, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने