भूकंप से लेकर केमिकल हादसे तक, गाजियाबाद में परखी गई बचाव की तैयारियां
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार शुक्रवार को कमिश्नरेट गाजियाबाद में भूकंप, औद्योगिक (रासायनिक) दुर्घटना एवं अग्नि सुरक्षा विषय पर राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य आपदा अथवा औद्योगिक दुर्घटना जैसी आपात परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच त्वरित समन्वय, प्रभावी बचाव एवं राहत कार्य, अग्निशमन कार्रवाई, घायलों को प्राथमिक उपचार तथा सुरक्षित निकासी की तैयारियों का अभ्यास और मूल्यांकन करना था।
मॉक एक्सरसाइज के तहत चिन्हित विभिन्न अभ्यास स्थलों पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), अग्निशमन एवं आपात सेवा गाजियाबाद, पुलिस एवं यातायात पुलिस, सिविल डिफेंस, नगर निगम, जीडीए, रेडियो विभाग, स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
अभ्यास के दौरान आपदा की काल्पनिक स्थिति उत्पन्न किए जाने पर संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन, अग्निशमन कार्रवाई, प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, चिकित्सा सहायता तथा राहत-बचाव कार्यों का समन्वित अभ्यास किया। मॉक एक्सरसाइज के लिए गाजियाबाद में तीन प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया गया था। इनमें एलटीएस एडवांटेज, अहिंसाखंड-1, इंदिरापुरम; बीपीसीएल, लोनी; तथा डॉ. के.एन. मोदी साइंस एंड कॉमर्स इंटर कॉलेज, मोदीनगर शामिल रहे।
सभी संबंधित विभागों की टीमें आवश्यक संसाधनों और उपकरणों के साथ मौके पर मौजूद रहीं तथा निर्धारित परिदृश्य के अनुरूप कार्रवाई का अभ्यास किया। अभ्यास के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय एवं संचार व्यवस्था, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा आपदा के समय उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक परीक्षण किया गया।
Tags
गाजियाबाद

