खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने की छापामारी, 13.5 लाख का माल जब्त
गाजियाबाद। लोनी इलाके में आम जनता की सेहत और जेब दोनों पर डाका डालने वाले मिलावट के एक बड़े कारोबार का भांडाफोड़ हुआ है। खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी करके एक ऐसी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है, जो सस्ती और छोटी काली मिर्च पर गोंद, मैदा और रिफाइंड तेल चढ़ाकर उसे ए-ग्रेड की महंगी काली मिर्च बनाकर बेच रहा था। टीम ने फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार करते हुए 13.5 लाख का माल बरामद किया है।खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने बताया कि 17 सितंबर की रात में लोनी बॉर्डर थाना पुलिस और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने केहर फार्म हाउस, सेवाधाम, बेहटा हाजीपुर स्थित एक फैक्ट्री पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर दिल्ली के बुद्ध विहार निवासी लोकेश गुप्ता को घटिया व छोटे आकार की काली मिर्च को प्रोसेस करके बड़े आकार की ए-ग्रेड काली मिर्च बनाते हुए पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी लोकेश ने मिलावट के इस काले धंधे की पूरी प्रक्रिया का खुलासा किया। उसने बताया कि वह बाजार से बेहद सस्ती और छोटे दाने वाली घटिया किस्म की काली मिर्च खरीदता था। इसके बाद काली मिर्च के दानों का आकार और वजन बढ़ाने के लिए गोंद के चूर्ण और मैदे का पेस्ट बनाता था। इस पेस्ट में छोटे दानों को पूरी तरह डुबोकर निकाला जाता था और फिर सुखाने के लिए छत पर फैला दिया जाता था। सूखने के बाद इन्हें जूट के बोरों पर रगड़कर फिनिशिंग दी जाती थी और अंत में रिफाइंड सोयाबीन तेल का पॉलिश चढ़ाकर इन्हें चमकदार तथा बड़े आकार की ए-ग्रेड काली मिर्च में बदल दिया जाता था।
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से 60 बोरे मैदा, 18 बोरे गोंद का चूर्ण, 40 बोरे (लगभग 1200 किग्रा) छोटे दाने की कच्ची काली मिर्च, 65 बोरे (लगभग 975 किग्रा) तैयार मिलावटी काली मिर्च और 37 टिन रिफाइंड सोयाबीन तेल बरामद किया है। इसकी कुल कीमत लगभग 13.5 लाख रुपये है।खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने समस्त सामग्री के कुल 5 नमूने सील करके जांच के लिए फास्ट ट्रैक प्रयोगशाला भेज दिए हैं, ताकि रिपोर्ट जल्द से जल्द प्राप्त हो सके। विभाग और पुलिस अब ये पता लगा रही है कि इस काली मिर्च की सप्लाई कहां-कहां होती थी। इस काले धंधे में लोकेश के साथ और कौन-कौन शामिल है।
Tags
गाजियाबाद

