खोड़ा में वाहन चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, तीन चोरी के वाहन और दो चाकू बरामद

दिल्ली से चोरी किए थे वाहन, आरोपियों पर दिल्ली में भी दर्ज हैं चोरी के मुकदमे

गाजियाबाद।
खोड़ा थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और दो चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली-एनसीआर में वाहन चोरी तथा मोबाइल फोन और चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक 17/18 सितंबर 2026 की रात खोड़ा थाना पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर 21 नंबर टंकी वाली गली से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान सूरज पुत्र देवेंद्र, निवासी शीतल विहार, खोड़ा कॉलोनी तथा मूल निवासी बदायूं और रादिल पुत्र सलीम खान, निवासी शीतल विहार, खोड़ा कॉलोनी के रूप में हुई। दोनों की उम्र करीब 20-21 वर्ष बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दोनों मिलकर गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली-एनसीआर में वाहन चोरी तथा मोबाइल फोन और चेन स्नैचिंग की वारदात करते थे। अपने बचाव के लिए वे चाकू रखते थे। आरोपियों ने करीब छह दिन पहले दिल्ली से दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की।पुलिस के अनुसार चोरी किए गए वाहनों को आरोपी खोड़ा स्थित कब्रिस्तान की झाड़ियों में छिपाकर रखते थे और मौका मिलने पर उन्हें सस्ते दामों में बेचने की कोशिश करते थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के समय दोनों आरोपी चोरी किए गए वाहनों को बेचने की फिराक में 21 नंबर टंकी वाली गली में घूम रहे थे। 
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ खोड़ा थाने में संबंधित मामले में एक मुकदमा दर्ज है, जबकि दिल्ली में चोरी के तीन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। आरोपियों के खिलाफ धारा 317(2)/317(5) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी एवं बरामदगी खोड़ा थाना पुलिस टीम द्वारा की गई।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने