प्लॉट पर अवैध कब्जे और धोखाधड़ी के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद।
ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस ने प्लॉट पर अवैध कब्जा करने और धोखाधड़ी के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर खसरा संबंधी दस्तावेजों का कथित रूप से गलत इस्तेमाल करते हुए कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और शिकायतकर्ता के प्लॉट पर कब्जा कर लिया था।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को शिकायतकर्ता ने थाना ट्रॉनिका सिटी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि संजय पुत्र वेद प्रकाश ने उसके प्लॉट पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचनात्मक कार्रवाई के दौरान साक्ष्य संकलन के आधार पर मुकदमे में धारा 338, 336(3) और 340(2) बीएनएस की वृद्धि की गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने बताया कि 18 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मुकदमे में वांछित आरोपी संजय पुत्र वेद प्रकाश, निवासी दौलतनगर, साहिबाबाद डूंगरवली, लोनी, गाजियाबाद, उम्र करीब 50 वर्ष, को थाना ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दौलतनगर, साहिबाबाद डूंगरवली, लोनी स्थित एक प्लॉट के खसरा का कथित रूप से गलत इस्तेमाल कर अपने साथी अली शेर के साथ मिलकर धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार किए तथा शिकायतकर्ता के प्लॉट पर कब्जा कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी संजय के खिलाफ थाना ट्रॉनिका सिटी में वर्तमान प्रकरण समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्तमान प्रकरण के अलावा पूर्व में धमकी देने और मारपीट से संबंधित दो मुकदमे भी शामिल हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने