₹2,000 से ऊपर UPI पर 0.4% MDR के विरोध में कांग्रेस का ‘रिटर्न गिफ्ट

सांसद अतुल गर्ग के आवास पर पहुंचा कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, प्रधानमंत्री के नाम पूजा सामग्री और फल भेंट

गाजियाबाद।
₹2,000 से अधिक के चुनिंदा UPI व्यापारी लेन-देन पर 0.4 प्रतिशत Merchant Discount Rate (MDR) लागू किए जाने के विरोध में गाजियाबाद कांग्रेस ने प्रदर्शनात्मक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। जिला कांग्रेस कमेटी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा और महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग के आवास पर पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूजा सामग्री और फल-फ्रूट सहित करीब ₹2,000 से अधिक मूल्य की सामग्री को प्रतीकात्मक ‘रिटर्न गिफ्ट’ के रूप में सौंपा।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने यह सामग्री सांसद के माध्यम से प्रधानमंत्री तक पहुंचाने की बात कही। सांसद अतुल गर्ग की ओर से सुनील जी ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से सामग्री प्राप्त की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ₹2,000 से अधिक के निर्धारित व्यापारी UPI लेन-देन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत MDR को लेकर व्यापारियों में चिंता है। कांग्रेस का कहना है कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ व्यापारियों पर किसी भी प्रकार की अतिरिक्त भुगतान-प्रसंस्करण लागत का असर उनके मार्जिन पर पड़ सकता है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि दीपावली, दशहरा और नवरात्र जैसे त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी बढ़ जाती है। ऐसे समय में व्यापारियों के लिए डिजिटल भुगतान से जुड़ी अतिरिक्त लागत चिंता का विषय हो सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार को व्यापारियों की आपत्तियों और सुझावों को गंभीरता से सुनना चाहिए।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने कहा कि कांग्रेस व्यापारियों की उन चिंताओं को सामने ला रही है, जिनमें UPI भुगतान की लागत, व्यापारिक मार्जिन और डिजिटल भुगतान की निरंतरता प्रमुख मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और व्यापारिक संगठनों के बीच संवाद के जरिए ऐसा रास्ता निकाला जाना चाहिए, जिससे डिजिटल भुगतान व्यवस्था भी मजबूत रहे और व्यापारियों पर अतिरिक्त लागत का दबाव भी कम हो।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि व्यापारिक संगठनों और कारोबारियों की ओर से नए MDR ढांचे को लेकर आपत्तियां सामने आई हैं। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर पूजा सामग्री और फल-फ्रूट को प्रतीकात्मक ‘रिटर्न गिफ्ट’ के रूप में सांसद के आवास पर सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर पूर्व गाजियाबाद विधानसभा प्रत्याशी सुशांत गोयल, पूर्व महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, अब्दुल कबीर साहिब, रूबी मलिक, मोहम्मद सफदर, इमरान खान, सोहेल सैफी, सविता जायसवाल, जितेंद्र शर्मा, रियाज सैफी, आचार्य विकास त्यागी, एडवोकेट चंद्रपाल, रिजवान मलिक, नेताजी इरफान, नवाब अहमद, आशुतोष गुप्ता (मीडिया प्रभारी), तरुण शर्मा एडवोकेट, आशीष वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने