लोनी के निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद ब्लीडिंग से महिला की मौत

परिजनों ने निजी अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप

गाजियाबाद।
लोनी क्षेत्र के बंथला फ्लाईओवर के पास स्थित एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद 27 वर्षीय महिला की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और मामले की जांच के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को पत्र भेजा गया है। 
जानकारी के अनुसार, बागराणप निवासी हरीश कुमार ने अपनी पत्नी काजल (27) को 27 जुलाई की दोपहर करीब एक बजे प्रसव के लिए बंथला फ्लाईओवर के पास स्थित नवजीवन अस्पताल में भर्ती कराया था। 28 जुलाई की तड़के करीब 3:15 बजे काजल ने एक पुत्र को जन्म दिया। मृतका के पति हरीश कुमार का आरोप है कि प्रसव के बाद काजल को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, लेकिन अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ ने समय रहते समुचित उपचार नहीं किया। 
उनका कहना है कि हालत लगातार बिगड़ने के बावजूद मरीज को समय पर उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर नहीं किया गया। करीब चार बजे काजल को दिल्ली स्थित जीटीबी अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की चिकित्सक डॉ. सुमन त्यागी और स्टाफ ने गंभीर स्थिति में लापरवाही बरती। उनका यह भी कहना है कि शव लेकर अस्पताल पहुंचने पर अस्पताल संचालक राहुल त्यागी और डॉ. सुमन त्यागी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया तथा धमकी दी। परिजनों के अनुसार, नवजात शिशु फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।
एसीपी लोनी रामकिशन राणा ने बताया कि परिजनों की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच के लिए सीएमओ गाजियाबाद को पत्र भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में यदि चिकित्सकीय लापरवाही या अन्य अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिजनों ने अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने