दहेज के लिए प्रताड़ना से विवाहिता की मौत, पति समेत सास-ससुर गिरफ्तार

लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने दबोचा, दहेज में मोटरसाइकिल की मांग का आरोप

गाजियाबाद।
लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और विवाहिता की मौत के मामले में पति, सास और ससुर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि विवाहिता को दहेज में मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था, जिससे परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। 
पुलिस के अनुसार, मृतका के पिता की शिकायत पर थाना लोनी बॉर्डर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2)/85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार (ससुर), दीनदयाल (पति) और वीना (सास), निवासी आर्य नगर, थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र, को गिरफ्तार कर लिया। 
पूछताछ में पति ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से वह और उसके परिजन दहेज में मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने