मसूरी पुलिस की कार्रवाई, दिल्ली से लाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे मादक पदार्थ
गाजियाबाद। मसूरी थाना पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 किलो 350 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक खान (26 वर्ष) निवासी मयूर विहार, डासन थाना मसूरी, सुरेश चौधरी (42 वर्ष) तथा सूरज (42 वर्ष) निवासी करहैड़ा, मोहननगर, थाना साहिबाबाद के रूप में हुई है। तीनों को मसूरी थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली से गांजा लाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर आसपास के क्षेत्रों में राहगीरों और नशा करने वालों को अधिक कीमत पर बेचते थे। इससे होने वाली कमाई से वे अपने शौक पूरे करते थे।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर थाना मसूरी में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही, मुख्य आरोपी विवेक खान के खिलाफ पूर्व में भी कविनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद
