मधुबन बापूधाम थाना पुलिस की चेकिंग के दौरान कार्रवाई, पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा
गाजियाबाद। थाना मधुबन बापूधाम पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिल और 3 स्कूटी बरामद की गई हैं। बरामद किए गए दोपहिया वाहनों में मधुबन बापूधाम, सिहानी गेट और अन्य थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए वाहन शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सहायक पुलिस आयुक्त कविनगर सिद्वार्थ गौतम के अनुसार, 28 जुलाई को नियमित चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर हुनमान मंदिर के पीछे स्थित खंडहर के पास से अमित कुमार (22 वर्ष) और शाहरुख खान (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी जनपद हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के पिपलैड़ा गांव के रहने वाले हैं। उनके पास से चोरी की 13 दोपहिया वाहन बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिल व स्कूटी चोरी करते थे। चोरी किए गए वाहनों को बेचकर मिलने वाले पैसों से अपने खर्च पूरे करते थे। आरोपियों ने दो दिन पहले कांशीराम कॉलोनी क्षेत्र से भी वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस फरार साथियों की तलाश में जुटी है। एसीपी कविनगर ने बताया कि आरोपितों ने अपने दो अन्य साथियों हसरत और सूफियान के नाम भी बताए हैं, जो घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
एसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उनके खिलाफ मधुबन बापूधाम और सिहानी गेट थाने में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। बरामद वाहनों में कई बाइक और स्कूटी विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं, जिनकी पहचान संबंधित मुकदमों से की जा रही है। पुलिस ने बरामद सभी वाहनों का सत्यापन शुरू कर दिया है ताकि उनके वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वाहन वापस सौंपे जा सकें।
Tags
गाजियाबाद