चलती कार में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड से की जाती थी भ्रूण लिंग जांच, दो आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच और नंदग्राम पुलिस ने कसा शिकंजाः; पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, किट और कार बरामद, 15 से 25 हजार रुपये में जांच किए जाने का खुलासा

गाजियाबाद।
क्राइम ब्रांच गाजियाबाद और नंदग्राम थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चलती कार में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के जरिए कथित तौर पर भ्रूण लिंग परीक्षण करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, अल्ट्रासाउंड किट बैग और आई-10 कार बरामद की गई है। 
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपिल कुमार (46) निवासी विश्वास नगर, शाहदरा, दिल्ली और गौरव (35) निवासी बालाजी एन्क्लेव, गोविंदपुरम, गाजियाबाद के रूप में हुई है। मामले में नंदग्राम थाने में मु0अ0सं0 543/2026 के तहत धारा 88/61(2)/318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। 
सुनसान जगह पर कार खड़ी कर कराते थे जांच: पुलिस पूछताछ में कपिल कुमार ने कथित तौर पर बताया कि बरामद कार और पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन उसी की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब तीन से चार महीने की गर्भवती महिलाओं के भ्रूण का लिंग परीक्षण करने के लिए इस मशीन का इस्तेमाल करता था। आरोप है कि लिंग जांच कराने के इच्छुक लोगों से 15 से 25 हजार रुपये प्रति महिला लिए जाते थे। गौरव कथित तौर पर ग्राहकों को लाने में कपिल की मदद करता था। दोनों कार को किसी सुनसान स्थान पर खड़ा कर वहीं महिलाओं की जांच करते थे। पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों के पास इस कार्य के लिए कोई वैध लाइसेंस या मेडिकल डिग्री नहीं थी। पुलिस ने बताया कि पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन दिल्ली से खरीदी गई थी। 
कपिल पर पहले से कई मुकदमे दर्ज: पुलिस के मुताबिक, कपिल कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ गाजियाबाद और दिल्ली के विभिन्न थानों में भ्रूण लिंग परीक्षण, पीसी-पीएनडीटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि कपिल इस गतिविधि को लंबे समय से संचालित कर रहा था और पूर्व में भी गाजियाबाद व दिल्ली में गिरफ्तार हो चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2019, 2020, 2023 और 2025 में भी विभिन्न मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
ये सामान हुआ बरामद: संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, अल्ट्रासाउंड किट बैग, आई-10 कार बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच में आरोपियों के नेटवर्क, उनसे जुड़े अन्य लोगों और कथित रूप से इस अवैध जांच के लिए संपर्क करने वाले लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब भ्रूण के लिंग की जांच और उसके आधार पर लिंग चयन संबंधी गतिविधियां कानूनन प्रतिबंधित हैं। अधिकारियों ने ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने