विकास और कानून-व्यवस्था को बनाया चुनावी मुद्दा; लोनी में गुटबाजी पर बोले- संगठन समय-समय पर करता है निराकरण, सपा पर भी साधा निशाना
गाजियाबाद। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने गाजियाबाद से चुनावी संदेश देना शुरू कर दिया है। रविवार को गाजियाबाद पहुंचे प्रदेश सरकार के पशुपालन विभाग के कैबिनेट मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
विकास भवन स्थित दुर्गावती सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में धर्मपाल सिंह ने सरकार की उपलब्धियों, विकास और कानून-व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बताते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता विकास के आधार पर मतदान करती है और भाजपा सरकार की प्राथमिकता विकास के साथ जनता की सुरक्षा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएगी।
लोनी में गुटबाजी के सवाल पर बोले- समय-समय पर होता है निराकरण: भाजपा में चुनाव से पहले सामने आ रही गुटबाजी और खासतौर पर लोनी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि पार्टी में ऐसी परिस्थितियां समय-समय पर सामने आती रहती हैं और संगठन उनका निराकरण भी करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन इस तरह के मामलों को गंभीरता से देखता है और आवश्यकता के अनुसार समाधान किया जाता है। धर्मपाल सिंह ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की दोबारा सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ फिर सरकार बनाएगी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनता से सीधे जुड़ने और सरकार के विकास कार्यों को लोगों तक पहुंचाने के माध्यम के रूप में चलाया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस अभियान को विकास से जोड़ा जा रहा है, क्योंकि जनता विकास के आधार पर वोट करती है। उन्होंने दावा किया कि जनता के आशीर्वाद से 2027 में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।
सपा पर साधा निशाना, जैन समाज को लेकर भी दिया बयान: समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता सपा की सरकार को छह महीने भी बर्दाश्त नहीं कर सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सपा की सरकार आती है तो अपराधी तत्व फिर सक्रिय हो जाएंगे और पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की दो प्रमुख प्राथमिकताएं विकास और जनता की सुरक्षा हैं। भाजपा इन्हीं मुद्दों को लेकर 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएगी। प्रेसवार्ता के दौरान जैन समाज को लेकर पूछे गए सवाल पर भी धर्मपाल सिंह ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों की जैन समाज पर नजर है, लेकिन भाजपा उनके साथ केवल वोट की राजनीति के लिए नहीं, बल्कि सम्मान के भाव से खड़ी है। उन्होंने जैन समाज के विचारों और मूल्यों को आदर्श बताते हुए समाज के साथ मिलकर काम करने की बात कही।
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा: गाजियाबाद में 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक भी की। अभियान के दौरान सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों को प्रमुखता से जनता तक पहुंचाने की तैयारी है। भाजपा के लिए यह अभियान 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन और सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Tags
गाजियाबाद