‘ऑपरेशन प्रहार’ से गाजियाबाद में नशे के कारोबार पर शिकंजा, 2026 में 183 आरोपी गिरफ्तार

जनवरी से अगस्त तक NDPS एक्ट के 117 मुकदमे दर्ज; 772 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद, नशे के नेटवर्क और सप्लाई चैन की भी जांच

गाजियाबाद।
कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में जनवरी से अगस्त तक NDPS एक्ट के तहत 117 मुकदमे दर्ज कर 183 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों की बड़ी मात्रा बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य नशे की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना है। इसके लिए कार्रवाई के साथ-साथ स्कूल-कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
पिछले साल के मुकाबले बढ़ी कार्रवाई: पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक जनवरी से अगस्त 2025 की तुलना में 2026 में NDPS एक्ट के तहत मुकदमों और गिरफ्तारियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
जोन2025 में मुकदमे2025 में गिरफ्तारी2026 में मुकदमे2026 में गिरफ्तारी
नगर42485392
ट्रांस हिंडन22273141
ग्रामीण30383350
कुल94113117183
आंकड़ों के अनुसार नगर जोन में सबसे अधिक 53 मुकदमे और 92 गिरफ्तारियां हुईं। ग्रामीण जोन में 33 मुकदमों में 50 तथा ट्रांस हिंडन जोन में 31 मुकदमों में 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 
772 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद: पुलिस के आंकड़ों के अनुसार जनवरी से अगस्त 2026 के दौरान तीनों जोन से कुल 772.643 किलोग्राम मादक पदार्थों की बरामदगी दर्ज की गई है। इनमें गांजा, चरस, अफीम, हेरोइन, स्मैक, कोकीन और अन्य मादक पदार्थ शामिल हैं। वर्ष 2026 में जोनवार बरामदगी में ग्रामीण क्षेत्र से 206.212 किलोग्राम, नगर क्षेत्र से 461.198 किलोग्राम और ट्रांस हिंडन क्षेत्र से 105.233 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए जाने का आंकड़ा दिया गया है। 
आरोपियों पर गैंगस्टर और गुंडा एक्ट की कार्रवाई: पुलिस के मुताबिक नशे के कारोबार में शामिल आरोपियों के खिलाफ केवल NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई तक ही अभियान सीमित नहीं है। अब तक चार आरोपियों के खिलाफ गुंडा एक्ट तथा एक आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के अनुसार तस्करी में शामिल लोगों के स्रोत और सप्लाई चैन की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचकर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके। 
स्कूल-कॉलेजों में भी चल रहा जागरूकता अभियान: 
गाजियाबाद पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ जागरूकता को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है। विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जा रही है। युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने साथियों तथा समाज को भी इसके खिलाफ जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस विद्यार्थियों से यह भी अपील कर रही है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
युवाओं को खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर: 
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों में युवाओं को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि केवल नशे के कारोबारियों पर कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के लिए नशामुक्त और सुरक्षित वातावरण तैयार करना भी जरूरी है। गाजियाबाद पुलिस के अनुसार ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य नशे के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ युवाओं के लिए सुरक्षित और नशामुक्त वातावरण तैयार करना है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने