सूरजपुर वेटलैंड में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, 4 गिरफ्तार; सोना, विदेशी करेंसी और कार बरामद
नोएडा। थाना सूरजपुर पुलिस और सेंट्रल नोएडा की सर्विलांस टीम ने घरों में घुसकर चोरी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। सूरजपुर वेटलैंड के जंगलों में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, भारत और जापान सहित विभिन्न देशों की विदेशी मुद्रा तथा वारदात में इस्तेमाल की गई दिल्ली नंबर की टैक्सी कार बरामद की है।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दो घायल: एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर सूचना मिली थी कि एक गिरोह सूरजपुर वेटलैंड के पास जंगलों में छिपा हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वीरपाल और विजयपाल गोली लगने से घायल हो गए और गिरफ्तार कर लिए गए। वहीं, भागने का प्रयास कर रहे अर्जुन कश्यप और अवधेश को कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
दिन में टैक्सी चालक, रात में बन जाते थे लुटेरे: पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिन में ऑनलाइन बुकिंग ऐप के जरिए टैक्सी चलाते थे और रात के समय पॉश सोसायटियों की रेकी कर चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि 4 और 5 जुलाई की दरमियानी रात उन्होंने ग्रेटर नोएडा की पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी में सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। गिरोह के दो सदस्य वीरपाल और अवधेश सोसायटी की ऊंची दीवार फांदकर अंदर घुसे, जबकि विजयपाल और अर्जुन कश्यप दिल्ली नंबर की टैक्सी कार लेकर बाहर झाड़ियों में छिपे रहे और पुलिस व सुरक्षा कर्मियों की गतिविधियों पर नजर रखते रहे।
महिला को हथियार के बल पर बनाया बंधक: पुलिस के अनुसार, वीरपाल ने एक मकान की पहली मंजिल पर सो रही महिला को हथियार के बल पर आतंकित कर उसके सोने के आभूषण, नकदी और पैन कार्ड लूट लिया। इसके बाद गिरोह ने उसी रात सोसायटी के एक अन्य घर का ताला तोड़कर विदेशी मुद्रा और महंगी घड़ियां भी चोरी कर लीं। गिरफ्तार चारों आरोपी मूल रूप से कासगंज जिले के सोरों थाना क्षेत्र के निवासी हैं। मुख्य आरोपी वीरपाल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं विजयपाल के खिलाफ भी चार से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पीड़िता ने की पुलिस की सराहना: ग्रेटर नोएडा की पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी में लूट की शिकार अर्पणा ने मामले का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी पर नोएडा पुलिस की सराहना की। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और पूर्व में की गई वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
थाना सूरजपुर पुलिस व सेंट्रल नोएडा सर्विलांस टीम द्वारा घरों में घुसकर चोरी व लूट की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए मुठभेड़ में 02 अभियुक्त घायल व गिरफ्तार एवं पुलिस कॉम्बिंग के दौरान अन्य 02 अभियुक्त गिरफ्तार।
— POLICE COMMISSIONERATE GAUTAM BUDDH NAGAR (@noidapolice) July 12, 2026
कब्जे से चोरी किए गए विदेशी मुद्रा (विभिन्न देशों की), आभूषण, 02 हाथ… https://t.co/8fYWqcVs4N pic.twitter.com/PCdpeNH8GT
Tags
नोएडा