एक आरोपी गिरफ्तार, नकदी और बाइक बरामद, दो की तलाश जारी
नई दिल्ली। शाहदरा जिले के गांधी नगर इलाके में दिनदहाड़े पिस्तौल के बल पर हुई 16.50 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का दिल्ली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.50 लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल स्कूटर और लूट की रकम से खरीदी गई नई यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सिकंदर सिंह ने बताया कि 10 जुलाई को एस.डी. एंटरप्राइजेज का एक कलेक्शन एग्जीक्यूटिव विभिन्न व्यापारियों से करीब 16.50 लाख रुपये की नकदी एकत्र कर गांधी नगर स्थित कार्यालय पहुंचा था। जैसे ही वह स्कूटर से कैश बैग उतारने लगा, उसी दौरान स्कूटर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। एक आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे ने अपना चेहरा ढक रखा था। दोनों ने पिस्तौल दिखाकर कर्मचारी से नकदी, आधार कार्ड और बैंक पासबुक से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग: घटना की गंभीरता को देखते हुए गांधी नगर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए स्कूटर की पिछली नंबर प्लेट हटा दी थी, लेकिन एक अन्य कैमरे में स्कूटर का आगे का नंबर स्पष्ट रिकॉर्ड हो गया। इसी अहम सुराग के आधार पर पुलिस स्कूटर के मालिक और फिर उसके नए खरीदार तक पहुंच गई।
जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास दबोचा गया आरोपी: तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 22 वर्षीय अलफैद को जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एमसीडी पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वारदात का मास्टरमाइंड आशु है। उसने पहले से कलेक्शन एग्जीक्यूटिव की रेकी की थी, हथियार उपलब्ध कराए थे और वारदात के दौरान मोबाइल फोन के जरिए लगातार बदमाशों को निर्देश देता रहा। लूट के बाद तीनों आरोपी लक्ष्मी नगर स्थित एक होटल में मिले, जहां लूटी गई रकम का आपस में बंटवारा किया गया।
फरार आरोपियों की तलाश जारी: अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सिकंदर सिंह ने बताया कि वैज्ञानिक तरीके से की गई जांच, सीसीटीवी विश्लेषण और तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का सफल खुलासा कर दिया। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और लूट की शेष रकम की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
Team of PS Gandhi Nagar @DCP_SHAHDARA cracked a sensational gunpoint robbery case within 24 hours, arresting one accused.
— Delhi Police (@DelhiPolice) July 12, 2026
Recoveries:
•₹2.50 lakh of the robbed cash.
•Scooty used in commission of crime.
•Yamaha R-15 motorcycle bought on the same day using the robbed money.… pic.twitter.com/0mrTtLfI4Q
Tags
दिल्ली