गाजियाबाद में 48 एकड़ में विकसित होगा मियावाकी मिनी फॉरेस्ट
गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम ने शहर को प्रदूषण से राहत दिलाने और हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया। विजयनगर स्थित आर्मी लैंड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में महापौर सुनीता दयाल, राज्य कर विभाग के विशेष सचिव राहुल पांडे, नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा कई स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने पौधे लगाए। इसके साथ ही नगर निगम के सभी 100 वार्डों में पार्षदों के नेतृत्व में भी पौधारोपण अभियान चलाया गया।गाजियाबाद हर वर्ष सर्दियों के मौसम में गंभीर वायु प्रदूषण की समस्या का सामना करता है। इसी चुनौती से निपटने के लिए नगर निगम ने व्यापक स्तर पर हरित क्षेत्र विकसित करने की योजना बनाई है। नगर निगम के अनुसार, विजयनगर स्थित आर्मी लैंड पर एक ही दिन में 1 लाख 41 हजार पौधे लगाए गए हैं। नवंबर 2026 तक यहां कुल 6 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
दो वर्षों में तैयार होगा 48 एकड़ का मिनी फॉरेस्ट: नगर निगम की योजना के तहत विजयनगर स्थित सेना की 48 एकड़ भूमि पर मियावाकी तकनीक से घना मिनी फॉरेस्ट विकसित किया जाएगा। अधिकारियों का दावा है कि अगले दो वर्षों में यह क्षेत्र शहर के बीचों-बीच एक हरित वन के रूप में विकसित होगा, जो वायु प्रदूषण कम करने, जैव विविधता (बायोडायवर्सिटी) को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने बताया कि नगर निगम द्वारा एक ही दिन में 1,41,000 पौधों का रोपण किया गया है। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी रही। उन्होंने कहा कि नवंबर तक सेना की 48 एकड़ भूमि पर 6 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। मियावाकी तकनीक के माध्यम से विकसित होने वाला यह मिनी फॉरेस्ट शहर में प्रदूषण कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम पहले भी मियावाकी तकनीक से कई मिनी वन विकसित कर चुका है।
पौधों का संरक्षण भी उतना ही जरूरी: राज्य कर विभाग के विशेष सचिव राहुल पांडे ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनका संरक्षण सुनिश्चित करना भी है, ताकि वे स्वस्थ वृक्ष बन सकें। उन्होंने कहा कि पौधारोपण अभियान में आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी उत्साहजनक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिस पौधे को लगाया है, उसकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। पौधों का उचित संरक्षण ही इस अभियान की वास्तविक सफलता सुनिश्चित करेगा।
Tags
गाजियाबाद