शिविर में जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह
गाजियाबाद। मानव कल्याण की भावना से संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से गाजियाबाद स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में 165 श्रद्धालुओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान दिया। रक्त संग्रह के लिए जिला अस्पताल (एमएमजी अस्पताल), गाजियाबाद के ब्लड बैंक तथा दिल्ली स्थित गुरु तेग बहादुर ब्लड बैंक की चिकित्सकीय टीमें मौजूद रहीं। रक्तदान से पहले चिकित्सकों की टीम ने सभी इच्छुक रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की।जीडीए उपाध्यक्ष ने किया रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन: शिविर में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी निस्वार्थ सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान अमूल्य दान है और मानवता की सेवा के लिए अधिक से अधिक लोगों को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने संत निरंकारी मिशन की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर को मानवता के प्रति समर्पित निस्वार्थ सेवा का उदाहरण बताया।
मानवता की सेवा सर्वोच्च धर्म: संत निरंकारी मंडल के मेडिकल विभाग के कोऑर्डिनेटर डॉ. नरेश अरोड़ा ने कहा कि रक्तदान अभियान केवल रक्त उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सेवा, करुणा और एकत्व के संदेश को व्यवहार में उतारने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा सर्वोच्च धर्म है और इसी भावना से संत निरंकारी मिशन निरंतर समाजसेवा के कार्यों में योगदान दे रहा है। कार्यक्रम के अंत में ब्रांच संयोजक सतीश गांधी ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, चिकित्सकों और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।
1986 से चल रहा रक्तदान अभियान: संत निरंकारी मिशन की ओर से वर्ष 1986 से लगातार रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। मिशन के पूर्व सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी का संदेश—“रक्त नालियों में नहीं, नाड़ियों में बहना चाहिए”—रक्तदान अभियान की प्रेरणा बना हुआ है। वर्तमान में भी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के निर्देशानुसार यह अभियान जारी है। मिशन के अनुसार, देशभर में अब तक 9,325 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 15,03,220 यूनिट रक्त एकत्रित किया जा चुका है। गाजियाबाद में आयोजित शिविर में भी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर इस सेवा अभियान में अपना योगदान दिया।
Tags
गाजियाबाद