बिल्डिंग में संचालित हो रहा था हॉस्टल, राहत-बचाव के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर, रेस्क्यू जारी
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि यह हादसा मोती बाग स्थित शिव मंदिर के पास सत्य निकेतन क्षेत्र में दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। इमारत गिरने की सूचना मिलते ही दिल्ली दमकल विभाग की कई गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।
प्रारंभिक सूचना में करीब आठ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से अभी फंसे लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बचाव दल मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। अभियान में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त उपकरण भी मौके पर मंगाए गए हैं।#WATCH | Delhi: A building has collapsed near Satya Niketan in South-West Delhi. The fire department received an alert around 1:30 PM. The rescue operation is underway. More details are awaited: Delhi police pic.twitter.com/pnROCroYHq
— ANI (@ANI) September 6, 2026
स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत में हादसा हुआ, उसमें हॉस्टल संचालित होने की बात कही जा रही है। ऐसे में मलबे में छात्रों या अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है। बचाव दल लगातार मलबे की जांच कर रहा है। राहत अभियान के दौरान एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाले जाने की भी जानकारी सामने आई है।
आसपास की इमारतें कराई गईं खाली: हादसे को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की कुछ इमारतों को भी खाली कराया गया है। मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे और बचाव अभियान का जायजा लिया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा होने के कारण पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है। दिल्ली में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे के कारण इमारत की संरचनात्मक स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।
Tags
दिल्ली