हादसे की आशंका के बीच नाले किनारे बसी 30 से अधिक झुग्गियां हटाई गई, नोटिस देने पर भी नहीं हटे थे आशियाने
गाजियाबाद। बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र और लोहा मंडी के बीच स्थित नाले के किनारे बनी 30 से अधिक अवैध झुग्गियों पर सोमवार को यूपीसीडा ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, मानसून के दौरान नाला ओवरफ्लो होने और झुग्गियों के ढहने से संभावित जनहानि की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया।यूपीसीडा ने बताया कि झुग्गीवासियों को करीब 15 दिन पहले ही स्थान खाली करने का नोटिस दिया गया था। रविवार को भी अंतिम चेतावनी दी गई थी, लेकिन झुग्गियां नहीं हटाई गईं। इसके बाद सोमवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान चलाकर अवैध निर्माण हटा दिए गए। बताया गया कि लोहा मंडी क्षेत्र में वर्षों से नाले के किनारे लोग झुग्गियां बनाकर रह रहे थे। हर वर्ष मानसून के दौरान नाले में जलस्तर बढ़ने से हादसे का खतरा बना रहता है। इसी जोखिम को देखते हुए यूपीसीडा ने पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
कार्रवाई के दौरान झुग्गियों में रहने वाले लोगों ने कहा कि वे कई वर्षों से यहां रह रहे थे। झुग्गियां हटाए जाने के बाद उनके सामने रहने के लिए वैकल्पिक ठिकाने की समस्या खड़ी हो गई है।
यूपीसीडा के उप महाप्रबंधक सलील यादव ने बताया कि वर्षा के समय नाले में पानी ओवरफ्लो होने से झुग्गियों के बहने या गिरने का खतरा था, जिससे जनहानि हो सकती थी। इसी खतरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में समय रहते अवैध झुग्गियों को हटाने की कार्रवाई की गई। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Tags
गाजियाबाद