हत्या कर शव खेत में छिपाया, निवाड़ी थाना पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को दबोचा
गाजियाबाद। निवाड़ी थाना पुलिस ने 21 वर्षीय युवक की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दरांती तथा मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, थाना निवाड़ी क्षेत्र के गांव पूठरी निवासी रमेशचंद्र के पुत्र तरुण उर्फ नमित (21) का शव ईख के खेत में मिला था। मृतक के पिता दिनेश कुमार की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान गांव पूठरी निवासी निरांचल उर्फ मंत्री (23) का नाम सामने आया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दरांती और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पूछताछ में किया चौंकाने वाला खुलासा: पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पूजा-पाठ में अधिक समय देता था। इसी बात को लेकर तरुण और उसके साथी अक्सर उसे "बाबा-बाबा" कहकर चिढ़ाते और परेशान करते थे। घटना से दो-तीन दिन पहले भी गांव के कुछ युवकों के साथ तरुण ने उसे परेशान किया था। घटना वाले दिन जंगल के रास्ते में तरुण अकेला मिला। बातचीत के दौरान फिर विवाद होने पर आरोपी ने गुस्से में दरांती से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। इसके बाद वह घायल तरुण को घसीटकर ईख के खेत में ले गया, जहां दोबारा दरांती से वार कर उसकी हत्या कर दी। शव को प्लास्टिक की बोरी से ढककर खेत में छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के विरुद्ध पहले से मारपीट का एक मुकदमा भी दर्ज है तथा उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद

