दिल्ली: उस्मानपुर के बाद गाजीपुर में ठांय-ठांय, दो बदमाश घायल

गाजीपुर पेपर मार्केट इलाके में हुई मुठभेड़, दो बदमाशों को लगी गोली, गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली।  राजधानी दिल्ली में बदमाशों के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है। उत्तर पूर्वी जिले में उस्मानपुर के बाद अब गाजीपुर इलाके में भी दिल्ली पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस ताजा एनकाउंटर में दो कुख्यात बदमाशों को गोली लगने से घायल हालत में गिरफ्तार किया गया है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
डीसीपी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को पुख्ता सूचना मिली थी कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दो सक्रिय बदमाश गाजीपुर पेपर मार्केट इलाके में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार तड़के इलाके में घेराबंदी की. जैसे ही बाइक सवार बदमाश मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की इस दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े. पुलिस ने तत्काल दोनों को काबू में लेकर अस्पताल पहुंचाया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान 31 वर्षीय दानिश और 22 वर्षीय असद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार तड़के उस्मानपुर इलाके में भी उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने एनकाउंटर के बाद हाशिम बाबा गिरोह के एक शार्प शूटर को गिरफ्तार किया था. उस मुठभेड़ में भी आरोपी के पैर में गोली लगी थी। लगातार हो रहे इन एनकाउंटरों के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि दिल्ली पुलिस अब बदमाशों के खिलाफ यूपी पुलिस की तर्ज पर आक्रामक रणनीति अपना रही है। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और गैंगस्टरों पर लगाम लगाने के लिए ऐसे सख्त कदम जरूरी हैं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने