गाजियाबाद पुलिस ने रिकवरी के बाद लौटाए 50 लाख रुपये के मोबाइल फोन, खिले मालिकों के चेहरे

ग्रामीण जोन में 315 गुम मोबाइल बरामद, मसूरी थाना पुलिस ने की सबसे ज्यादा मोबाइल रिकवरी

गाजियाबाद। 
गाजियाबाद कमिश्नरेट के ग्रामीण जोन पुलिस ने मोबाइल फोन गुम होने और चोरी होने की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। ग्रामीण जोन के विभिन्न थानों की पुलिस, साइबर टीम और सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए अलग-अलग कंपनियों के 315 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर ग्रामीण जोन के विभिन्न थानों में दर्ज मोबाइल चोरी और गुम होने की शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही थी। इसी क्रम में साइबर टीम ने सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की मदद से मोबाइल फोन की लोकेशन और तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया।
तकनीकी साक्ष्यों का किया गया गहन विश्लेषण:
मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सभी संबंधित थानों की पुलिस के साथ साइबर और सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। मोबाइल फोन के IMEI नंबर समेत उपलब्ध तकनीकी जानकारी के आधार पर उनकी पहचान और ट्रेसिंग की गई। कार्रवाई के दौरान विभिन्न कंपनियों के कुल 315 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक स्वामियों की पहचान करने के बाद उन्हें उनके मोबाइल फोन सुपुर्द कर दिए। लंबे समय बाद अपना खोया या चोरी हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
मसूरी थाना पुलिस ने 59 मोबाइल बरामद किए: 
थानावार बरामदगी की बात करें तो लोनी थाना पुलिस ने 22 मोबाइल फोन बरामद किए। वहीं ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र से 30 और अंकुर विहार थाना क्षेत्र से 27 मोबाइल फोन बरामद किए गए। सबसे अधिक बरामदगी मसूरी थाना क्षेत्र से 59 मोबाइल फोन की हुई। इसके अलावा मोदीनगर से 47, लोनी बॉर्डर से 44, मुरादनगर से 35, भोजपुर से 28 और निवाड़ी से 23 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

थानावार मोबाइल बरामदगी

थाना बरामद मोबाइल
लोनी 22
ट्रोनिका सिटी 30
अंकुर विहार 27
लोनी बॉर्डर 44
मसूरी 59
मुरादनगर 35
मोदीनगर 47
निवाड़ी 23
भोजपुर 28
कुल 315

डीसीपी ग्रामीण के मुताबिक, CEIR पोर्टल और तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि मोबाइल फोन खोने या चोरी होने की स्थिति में नागरिकों को तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ मोबाइल का IMEI नंबर उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि उसे CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रेस और ब्लॉक करने की कार्रवाई की जा सके। इस कार्रवाई से न केवल करीब 50 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, बल्कि उनके वास्तविक मालिकों को भी उनका महत्वपूर्ण निजी सामान वापस मिल सका है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने