प्याज की बढ़ती कीमतों पर साहिबाबाद मंडी सचिव ने दुकानदारों के साथ की बैठक

आम जनता को सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध कराने पर जोर

गाजियाबाद।
साहिबाबाद नवीन फल एवं सब्जी मंडी में प्याज की बढ़ती कीमतों को लेकर मंडी सचिव सुनील कुमार शर्मा ने दुकानदारों और व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक में आम जनता को राहत देने के लिए प्याज उचित एवं सस्ती दर पर उपलब्ध कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में दुकानदारों की सहमति से मंडी शुल्क में एक प्रतिशत की कमी करने का निर्णय लिया गया।
मंडी सचिव ने प्याज के दामों में हो रही वृद्धि पर चिंता जताते हुए कहा कि आम उपभोक्ताओं को राहत देना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने दुकानदारों और व्यापारियों से सरकार के प्रयासों में सहयोग करने तथा उचित दर पर प्याज उपलब्ध कराने की अपील की। बैठक में मौजूद दुकानदारों ने भी सरकार के साथ सहयोग करने और उपभोक्ताओं को सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। सुनील कुमार शर्मा ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि किसी भी व्यापारी या दुकानदार के हितों को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से आम जनता को उचित दर पर प्याज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने दुकानदारों से मंडी की व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग नियम-कायदों के अनुसार कार्य करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी दुकानदार को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा।
बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी, किसान और दुकानदार मौजूद रहे। मंडी सचिव ने सरकार के प्रयासों में सहयोग का भरोसा देने वाले सभी दुकानदारों का आभार व्यक्त किया। वहीं दुकानदारों ने भी सरकार और मंडी प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने का भरोसा दिलाया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने