नोएडा सेक्टर-24 थाना पुलिस ने सुलझाई आयुष की ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी

खुलासा: पैसों के विवाद में की गई थी हत्या, तीन बाल अपचारी अभिरक्षा में

नोएडा।
थाना सेक्टर-24 क्षेत्र से लापता नाबालिग आयुष शुक्ला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, मामूली पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद तीनों ने मिलकर नाबालिग की हत्या कर दी थी। उसका शव सेक्टर-54 के जंगल में मिला था।
पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त को नाबालिग की मां ने थाना सेक्टर-24 में बेटे आयुष के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 21 अगस्त को सेक्टर-54 के जंगल में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। 25 अगस्त को परिजनों ने शव की पहचान अपने लापता बेटे के रूप में की। पहचान होने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया।
नोएडा पुलिस की मीडिया सेल के अनुसार, एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बुधवार को सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम के गेट नंबर-4 के पास से तीनों वांछित बाल अपचारियों को हिरासत में लिया। 
पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद: पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि 16 अगस्त को पैसों के लेनदेन को लेकर तीनों बाल अपचारियों का नाबालिग आयुष से विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर तीनों उसे सेक्टर-54 के जंगल में ले गए, जहां कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने तीनों बाल अपचारियों को किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। घटना के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश और दुख था। बुधवार शाम सांसद डॉ. महेश शर्मा ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक मदद देने और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। सांसद के आश्वासन के बाद परिजन मृतक के अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने