सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी एवं मंडी सचिव सुनील कुमार शर्मा ने किया सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण
गाजियाबाद। मंडी परिषद में किसानों और व्यापारियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बनाए गए नि:शुल्क सार्वजनिक शौचालय का मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी और मंडी सचिव सुनील कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से लोकार्पण किया। शौचालय महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग बनाए गए हैं। मंडी सचिव सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि मंडी में बाहर से बड़ी संख्या में किसान और व्यापारी आते हैं। उनकी समस्याओं और आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। यह सुविधा पूरी तरह नि:शुल्क रहेगी और इसे आमजन को समर्पित कर दिया गया है।इस अवसर पर किसानों और व्यापारियों को संबोधित करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि किसानों की कोई भी समस्या हो तो वे सीधे संपर्क कर सकते हैं। बातचीत और आपसी समन्वय के माध्यम से प्रत्येक समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। मंडी सचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि मंडी प्रशासन के दरवाजे किसानों और व्यापारियों के लिए 24 घंटे खुले हैं। किसी भी व्यक्ति को कोई समस्या होने पर वह मंडी प्रशासन से संपर्क कर सकता है और मिल-बैठकर उसका समाधान किया जाएगा।
लोकार्पण समारोह में व्यापारियों और किसानों ने सार्वजनिक शौचालय की सुविधा शुरू होने पर खुशी जताई और सरकार व मंडी समिति का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महामंत्री सुधीर गोयल, राजीव अग्रवाल, संदीप गोयल, अखिल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में किसान और व्यापारी मौजूद रहे। मौजूद लोगों ने सिटी मजिस्ट्रेट और मंडी सचिव का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि भविष्य में भी किसानों और व्यापारियों की सुविधाओं एवं समस्याओं के समाधान के लिए इसी प्रकार के प्रयास जारी रहेंगे।
Tags
गाजियाबाद